बिजली के अघोषित कटों से परेशान ग्रामीण विरोध जताते हुए।
- फोटो : Narnol
सीहमा। गांव मुंडियाखेड़ा में वीरवार को 4 गांवों बेवल, दोंगड़ा जाट, मुंडियाखेड़ा व मुंडायन के ग्रामीणों ने एकत्रित होकर बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया और बिजली कटों को बंद करने की मांग की।
ग्रामीण महेंद्र सिंह, वीरपाल चेयरमैन, रामसिंह, सतीश यादव व मांगेराम ने बताया कि पिछले 15 दिनों से मुंडियाखेड़ा, दोंगड़ा जाट, मुंडायन, बेवल में अघोषित बिजली के लंबे कट किए जा रहे है। इसके चलते लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। इन सब गांवों में मुंडियाखेड़ा पावर हॉउस से बिजली सप्लाई की जाती है लेकिन अब बिजली के लंबे कट भी इन्हीं गांवों के ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। छाजूराम, राकेश व शेर सिंह ने बताया कि मुंडियाखेड़ा बिजली पॉवर के लिए गांव ने 7 एकड़ भूमि सुचारु बिजली सप्लाई के लिए विभाग को दी थी, लेकिन इसका कोई लाभ गांव को नही हुआ और अब खुद मुंडियाखेड़ा के ग्रामीण बिजली के लंबे कटों से परेशान है।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इन गांवों में सायं 6 बजे से साढ़े 8 बजे तक बिजली का कट लगता है। सुबह भी 6 बजे से दोपहर तक बिजली कट रहता है। उन्होंने बताया कि बिजली कटों की शिकायत बिजली निगम सीहमा एसडीओ कार्यालय राम सिंह से कई बार की जा चुकी है, वहीं अटेली विधायक सीताराम यादव को भी समस्या से अवगत करवाया जा चुका है लेकिन अभी तक समस्या को अनसुना ही किया है। बिजली समस्या की शिकायत सीएम विंडो पर भी 4 गांवों के ग्रामीणों ने की हुई है लेकिन अभी तक समाधान नही हुआ है।
-ग्रामीणों ने सोमवार से तालाबंदी करने की दी चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि समस्या का रविवार तक समाधान नही किया गया तो सोमवार को 4 गांवों के ग्रामीण एकत्रित होकर मुंडियाखेड़ा पावर हाउस के गेट पर तालाबंदी कर देंगे। इस मौके पर शेर सिंह, लालचंद, छोटेलाल, श्रीभगवान व रामजीलाल उपस्थित ऋथे।