स्वच्छता सर्वेक्षण में अच्छी रैंकिंग प्राप्त करने के लिए नगर परिषद नारनौल ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर में अब जोन वाइज साफ सफाई की जाएगी। इसके लिए नगर परिषद ने शहर को 6 जोन में बांटा है। वहीं प्रत्येक जोन में एक सफाई दरोगा की जिम्मेदारी लगाई है। वहीं उनकी मॉनीटरिंग के लिए प्रत्येक जोन में नगर परिषद के एक अधिकारी की नियुक्ति की गई है।
नगर परिषद का जोन वाइज शहर में सफाई करवाने की योजना सफल हो पाती है या नहीं, यह आने वाले कुछ दिनों में साफ हो जाएगा। शहरवासियों में नगर परिषद से अक्सर साफ सफाई व्यवस्था को लेकर ही नाराजगी रहती है।
बता दें कि शहर में साफ सफाई कायम रखना नगर परिषद प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है। नगर परिषद के प्रयासों के बाद भी शहर में पूर्ण रूप से सफाई व्यवस्था कायम नहीं हो पा रही है। पूर्व में हुई सदन की लगभग सभी बैठकों में पार्षदों द्वारा अपने-अपने वार्डों में नियमित साफ सफाई न होने का मुद्दा उठाया जाता रहा है। यही नहीं सफाई व्यवस्था के लिए हर वर्ष कई लाखों रुपये खर्च भी किए जाते हैं। इसके बावजूद भी शहर की जैसी सफाई होनी चाहिए वैसी सफाई व्यवस्था दिखाई नहीं देती है।
शहरवासी स्वच्छता एप के माध्यम से भी सफाई को लेकर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। एप के माध्यम से मिलने वाली शिकायत को निर्धारित अवधि के दौरान समाधान किया जाएगा। नप ईओ सुमनलता ने बताया कि शहरवासी उक्त एप के माध्यम से अपने आसपास पड़ी गंदगी की फोटो खींचकर एप पर अपलोड करके पता आदि भरकर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते है। शिकायत उन्हें मिलने पर तुरंत उसका समाधान करवाया जाएगा।
जोन नंबर एक में सिंघाना रोड से पुस्तक गली तक के एरिया को शामिल किया गया है। इसमें सफाई व्यवस्था के लिए दरोगा राहुल की जिम्मेदारी लगाई गई। वहीं मॉनीटरिंग अधिकारी नगर परिषद ईओ सुमन लता को लगाया गया है।
जोन नंबर दो में पुस्तक गली से मेहता चौक व जल महल तक के एरिया को शामिल किया गया है। यहां नरेश दरोगा के साथ मॉनीटरिंग अधिकारी के रूप में एमई राजेश कुमार की जिम्मेदारी लगाई गई है।
जोन नंबर तीन में मेहता चौक से आजाद चौक तक के क्षेत्र को शामिल किया गया है। इसमें भूपेंद्र दरोगा के साथ मॉनीटरिंग अधिकारी के लिए जेई अनूप की ड्यूटी लगाई है।
जोन नंबर चार में नलापुर से सीआईए रोड व राजीव चौक तक के एरिया को शामिल किया गया है। इस एरिया में सफाई दरोगा महेंद्र संगेलिया को सफाई की जिम्मेदारी तो नप एक्सईएन अंकित वशिष्ठ की मॉनीटरिंग अधिकारी की जिम्मेदारी लगाई है।
जोन नंबर पांच में नलापुर से पुलिस लाइन, अग्रसेन चौक से रेवाड़ी रोड तक के एरिया को शामिल किया गया है। यहां नगर परिषद प्रशासन एसडीएम मनोज कुमार को मॉनीटरिंग अधिकारी लगाया गया है। वहीं निरंजन लाल दरोगा को सफाई की जिम्मेदारी दी गई है।
जोन नंबर छह में दिल्ली दरवाजा, पुल बाजार, चांदुवाड़ा तक के क्षेत्र में को शामिल किया गया है। यहां पर महेंद्र चौहान सफाई दरोगा तथा मॉनीटरिंग अधिकारी के रूप में जेई विकास शर्मा को लगाया गया है।
शहर को साफ सुथरा रखने में जितनी जिम्मेदारी नगर परिषद सफाई कर्मचारियों की उतनी ही शहरवासियों की भी है इसलिए हमें भी सफाई व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सहयोग करना चाहिए। शहरवासी कूड़े को इधर-उधर न फेंके। निर्धारित स्थान या कूड़ेदान में ही कूड़ा डाले। शहर की साफ सुथरा बनाने में नगर परिषद प्रशासन पूरी तरह प्रयासरत है। -सुमनलता, ईओ, नगर परिषद, नारनौल।