बढ़ते स्मॉग एवं बादलों की वजह से शनिवार को तापमान में गिरावट देखने को मिली। शनिवार को नारनौल का तापमान 10.1 डिग्री दर्ज किया गया। दिन भर धुंध और कोहरा बना हुआ रहा। आकाश में हलके बादल भी छाए रहे। एक-दो दिनों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है। साथ साथ इस पूरे इलाके आबोहवा की वायु गुणवत्ता सूचकांक सामान्य स्थिति में नहीं है जो जीवन के लिए अत्यंत खतरनाक स्थिति में हैं।
राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि कोहरा और जहरीले प्रदूषक तत्वों के मिलने से जहरीले स्मॉग का निर्माण हो रहा है जो आम जनजीवन के लिए खतरनाक साबित हो रहा है। जिसकी वजह से त्वचा रोग, आंखों के रोग, एलर्जी के रोग, मानसिक और अवसाद के रोग, सांस के रोग के मरीजों की लंबी कतारें अस्पतालों में लग रही है।
शनिवार को भी हरियाणा, एनसीआर दिल्ली, और उत्तर प्रदेश के काफी स्थानों वायु गुणवत्ता सूचकांक 400- 500 के बीच में रहा है जो अति खतरनाक स्थिति पर आ गया है। आज जिला महेंद्रगढ़ की आबोहवा भी बहुत ही जहरीले प्रदूषकों की वजह से बहुत खतरनाक स्थिति पर पहुंच गई है। नारनौल का वायु गुणवत्ता सूचकांक 325 रहा, महेंद्रगढ़ का 298, अटेली 295और कनीना 316, जहरीले प्रदूषकों के मिलने से बेहद खतरनाक स्थिति बनी हुई है । वायु गुणवत्ता सूचकांक की सामान्य स्थिति 0 - 50 होती है।
नोडल अधिकारी डॉ. चंद्र मोहन ने बताया की हरियाणा, दिल्ली एनसीआर के इलाकों में अभी कुछ दिनों तक धुंध जारी रह सकती है। उधर हवाओं के मंद पड़ने से दिल्ली एनसीआर के इलाकों में वायु प्रदूषण गंभीर श्रेणी में बना रहा। यही नहीं अगले तीन दिनों तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम कोहरा छाया रहेगा।