मंडी अटेली। गांव सराय बहादुर में रविवार को कपास के खेत में ट्रैक्टर चला कर खराब करने व परिवार पर हमला कर मारपीट के मामले में सदर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामले दर्ज किया है। पुलिस ने हमला करने वालों के साथ नेशनल हाईवे को अवरुद्ध करने पर ग्रामीण के खिलाफ मामला दर्ज किया हैं। जाम लगाने वाले 8 नामजद सहित 10 से 15 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया हैं। वहीं दूसरा मामला पुलिस ने गांव सराय बहादुर की महिला की शिकायत पर 4 नामजद सहित अन्य कई लोगों पर मारपीट करने का मामला दर्ज किया हैं।
पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति से धोखे से हमारी जमीन मोहनलाल निवासी (नांगल) ने अपने नाम करवा ली थी। उक्त जमीन का अदालत नारनौल में केस चला हुआ है। गत दिवस उसकी जेठानी ने घर आकर बताया कि करीब 25-30 व्यक्ति गाड़ियों में आए हैं और एक व्यक्ति ट्रैक्टर से खेत में खड़ी कपास की फसल को बहाने लग रहा है। सूचना पाकर वह, उसका पति सुरेश, दो लडकी, लड़का नितेश, जेठानी कमलेश, नवीन खेत में पहुंचे तो एक व्यक्ति ट्रैक्टर के साथ फसल को बहाने लग रहा था। जब उन्होंने उसे उसकी ऐसा करने से रोका तो वहां पर खड़े 25-30 व्यक्तियों ने लाठी डंडों से उन पर हमला कर दिया। इसमें उसे, सुरेश, नवीन, धनपती व कमलेश व पड़ोसी रणजीत जो बीच बचाव करने आया था को चोट लगी। उक्त व्यक्ति ने हमें जान से मारने कि धमकी देकर अपनी गाड़ियों में बैठकर मौका से चले गये। उक्त सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
महिला के परिवार के साथ हुई मारपीट के विरोध ग्रामीणों ने नेशनल हाइवे नंबर 11 पर जाम लगा दिया था। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण जिद पर अड़े रहे। इस मामले में भी पुलिस नेशनल हाईवे को अवरुद्घ करने पर 8 नामजद सहित 10 से 15 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।