नारनौल की अनाज मंडी में एकत्रित हुए मृतक के परिजन।
- फोटो : संवाद
हरियाणा के नारनौल की पुरानी अनाज मंडी में आग लगने की वजह गंभीर रूप से झुलसे व्यक्ति की भी रोहतक में उपचार के दौरान मौत हो गई। जिसके बाद मंगलवार को मृतक के परिजन भारी संख्या में एकत्रित होकर नारनौल अनाज मंडी में पहुंचे। मृतक के परिजन अनाज मंडी में पहुंचते ही पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। जिसके बाद मृतक के परिवार के सदस्यों व व्यापारियों के बीच देर सायं तक बातचीत चलती रही।
उधर मृतक महेश के भाई ने रामनिवास ने दुकान मालिक की लापरवाही से मौत होने की पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस शिकायत में रामनिवास ने बताया कि उसका छोटा भाई महेश जो खल बिनौला के गोदाम पर नारनौल में काम करता था, जो यह गोदाम अनाज मंडी नारनौल में है।
उन्होंने पुलिस शिकायत में बताया कि शाॅर्ट सर्किट की वजह से गोदाम में आग लग गई। इस दौरान कुलदीप व राम दुखित की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं उसके भाई के कपड़ों में आग लग गई, जिससे उसके भाई का शरीर जल गया। महेश की गंभीर हालात होने की वजह से रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। जिसकी 4 मार्च को उपचार के दौरान मौत हो गई।
क्या था मामला
नारनौल अनाज मंडी में खल-बिनौलों की दुकान में 28 फरवरी को पांच पल्लेदार सो रहे थे। इस दौरान अज्ञात कारणों से आग लगने से अंदर सो रहे पांच पल्लेदारों में से दो बाहर निकल गए। वहीं तीन पल्लेदार अंदर फंसे रह गए, जिसकी वजह से दो की दम घुटने से मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं एक पल्लेदार गंभीर रूप से झुलस गया था। जिसकी सोमवार को भी मौत हो गई।