कनीना में अतिक्रमण हटवाते नपा कर्मचारी। संवाद
- फोटो : Narnol
कस्बे में नगरपालिका अतिक्रमण की बढ़ती समस्या को ध्यान में रखते हुए वीरवार को दो घंटे अतिक्रमण अभियान चलाया। नपा कर्मचारियों ने बस स्टैंड रोड, पितामह कान्ह सिंह रोड, महेंद्रगढ़ रोड, रेवाड़ी रोड से दुकानों के बाहर सड़क पर रखा सामान हटवाया। नपा प्रधान सतीश जेलदार ने कहा कि दुकानदारों द्वारा गलत तरीके से अपनी दुकानों के बाहर करीब पांच से सात फुट तक सामान रखकर अवैध तरीके से अतिक्रमण किया जाता है। कस्बे में आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को हटवाने के लिए नपा कर्मचारियों की तरफ से कस्बे में अभियान चलाकर अतिक्रमण को हटवाया गया है।
उन्होंने सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों की हदों में ही सामान रखने के निर्देश दिए। अगर किसी दुकानदार के द्वारा अपनी हद से बाहर सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण किया गया तो उसके सामान को जब्त करने के साथ-साथ दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
कस्बे में नगरपालिका के कर्मचारियों के द्वारा शुरू किए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान की सूचना मिलते ही सभी दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों के बाहर सड़क पर रखे सामान को उठाते नजर आए। अभियान के बाद जो सड़क अतिक्रमण की वजह से काफी छोटी हो जाती है वहां से दो-दो वाहनों को एक तरफ से बड़ी आसानी से गुजारा जा सकता था।
बता दे कि कस्बे को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए कुछ दिनों पहले एसडीएम सुरेंद्र सिंह ने कस्बे का निरीक्षण कर दुकानदारों को सड़क पर सामान रखकर किए गए अतिक्रमण को हटवाने के निर्देश दिए थे। वीरवार को नगरपालिका के कर्मचारियों ने कस्बे में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर कस्बे को अतिक्रमण मुक्त किया।
नपा प्रधान सतीश जेलदार ने कहा कि नगरपालिका कर्मचारियों के द्वारा चलाया गया अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहेगा। दुकान के बाहर गलत तरीके से सामान रखकर अतिक्रमण करने वालों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान नगरपालिका के अन्य कर्मचारी भी मौके पर उपस्थित रहे।