दी महेंद्रगढ़ केंद्रीय सहकारी बैंक द्वारा ऋण शिविर, कर्मचारी कक्षा और पौध रोपण कार्यक्रम किया गया। सूक्ष्म वित्त के तहत बैंक द्वारा जिले कि 2600 महिलाओं को स्वयं सहायता और संयुक्त देयता समूहों के माध्यम से 10 करोड़ रुपये के अधिक का ऋण प्रदान किया गया। बैंक द्वारा बैंक भैया कार्यक्रम भी चलाया गया। जिसके तहत गांव में शिविर आयोजित कर स्वयं सहायता और संयुक्त देयता समूहों कि महिलाओं से संपर्क कर उनके द्वारा किए जा रहे रोजगार की जानकारी ली गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हरको बैंक के चेयरमैन अरविंद यादव थे। विशिष्ट अतिथि नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक विजय राणा, सहायक रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां सुधीर अहलावत ने शिरकत की। बैंक में पहुंचने पर मुख्य अतिथि का स्वागत महाप्रबंधक प्रशांत यादव, चेयरमैन कंवर सिंह ने किया। बैंक के महाप्रबंधक प्रशांत यादव ने दी महेंद्रगढ़ केंद्रीय सहकारी बैंक की आर्थिक गतिविधियों के बारे में बताया कि बैंक के माध्यम से महेंद्रगढ़ जिले के 60 हजार किसानों को ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं डेयरी, मुर्गी पालन, लघु उद्योग समेत सभी व्यवसायिक गतिविधियों के लिए सस्ता ऋण दिया जा रहा है।
वहीं इन महिलाओं ने बैंक को भैया मानते हुए महाप्रबंधक को राखियां बांधी और बैंक की ओर से उन्हें प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का निशुल्क लाभ देने की घोषणा की गई। बैंक के उप प्रधान बलीराम यादव ने बैंक के नव भवन के निर्माण की मांग रखी और जिला विकास प्रबंधक विजय राणा ने नाबार्ड की योजनाओं पर प्रकाश डाला। दी महेंद्रगढ़ केंद्रीय सहकारी बैंक के चेयरमैन कंवर सिंह ने कहा कि हम विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ते रहने का प्रयास करते रहेंगे। हरको बैंक के चेयरमैन अरविंद यादव ने कहा कि सहकारी बैंकों के कर्मचारियों को व्यवसायिक दृष्टिकोण को अपनाते हुए आगे बढ़ना होगा। नाबार्ड, रजिस्ट्रार कार्यालय, बैंकों को मिलकर सुधार की दिशा में काम करना होगा।
बैंक के निदेशक मंडल को सलाह दी कि वो बैंक से जुड़े स्वयं सहायता और संयुक्त देयता समूह की महिलाओं को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का निशुल्क लाभ देने की व्यवस्था करे। अरविंद यादव ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक रूप से लगातार मजबूत होना नए हरियाणा की तस्वीर दिखाता है। हरको बैंक के माध्यम से दी महेंद्रगढ़ केंद्रीय सहकारी बैंक को हरसंभव मदद देने का आश्वासन भी दिया। इस मौके पर बैंक के निदेशक दीपक यादव, राजेंद्र कुमार शर्मा, रामनिवास, रामचंद्र समेत गजराज, शक्तिपाल, सुरेंद्र, नरेंद्र, इंद्रपाल, रतिराम, राजेश मौजूद रहे।