कनीना में विधायक को मांग पत्र सौंपते नगर पालिका चेयरमैन व पार्षद
- फोटो : Narnol
कनीना। नगर पालिका में लंबे समय से अटके पड़े विकास कार्यों को पूरा करवाने को लेकर चेयरमैन व पार्षदों ने विधायक सीताराम को पत्र सौंपकर बजट उपलब्ध कराने की मांग की है। कनीना कस्बे की लंबे समय से अनेक सड़कें जर्जर हो चुकी हैं। बदहाल सड़कों की दशा सुधारने एवं विकास कार्य कराने के लिए नगरपालिका द्वारा 41 करोड़ का एस्टीमेट तैयार किया गया है।
नगर पालिका चेयरमैन सतीश जेलदार ने बताया कि कनीना नगर पालिका क्षेत्र में सड़कों की हालत बहुत खराब है। कस्बे की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। सड़कों की स्थिति सुधारने और नई सड़क बनाने के लिए करीब 41 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के एस्टीमेट बना कर बजट उपलब्ध कराने की मांग की गई है। विधायक सीताराम यादव ने कहा कि सड़कों की स्थिति को सुधारने के लिए वे मांग पत्र को सरकार के संज्ञान में लाएंगे। उनका प्रयास रहेगा की जल्द की बजट उपलब्ध कराया जाए।