नारनौल। शारीरिक शिक्षकों ने पुन: सेवा बहाली की मांग को लेकर क्रमिक अनशन बुधवार को 423 वें दिन भी चितवन वाटिका में जारी रखा। धरने की अध्यक्षता करते हुए संघर्ष समिति की जिला उपप्रधान कृष्णा सोनी ने बताया कि सभी पीटीआई अध्यापकों ने यह प्रण लिया है कि जब तक उनका रोजगार बहाल नहीं हो जाता तब तक वे कोई भी तीज त्योहार नहीं मनाएंगे।
आज पूरा प्रदेश हरियाली तीज का उत्सव मना रहा है। वहीं हरियाणा सरकार के द्वेषपूर्ण रवैया के कारण पीटीआई अध्यापक धरने पर बैठकर काली तीज मनाने को विवश हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन और सबका साथ सबका विकास के नाम पर सत्ता हथियाने वाली मौजूदा सरकार ने अपनी द्वेषपूर्ण राजनीति के कारण पीटीआई अध्यापकों सहित हजारों हंसते खेलते परिवारों को उजाड़ने का प्रयास किया है।
संघ के पूर्व जिला प्रधान कमल सिंह ने बताया कि प्रदेश में हर साल 2 लाख नए रोजगार देने का वायदा करने वाली मौजूदा सरकार ने रोजगार देना तो दूर मेहनत और ईमानदारी से नौकरी कर रहे लोगों का रोजगार छीनने का कार्य किया है। जिसका खामियाजा निश्चित रूप से आने वाले समय में सरकार को भुगतना पड़ेगा। इस मौके पर बबीता, शर्मिला, रेशम, नौरंग लाल, चेतराम व वीरेंद्र सिंह मौजूद रहे।