नारनौल। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ का शिष्टमंडल राज्य प्रधान सीएन भारती के नेतृत्व में मौलिक शिक्षा निदेशक से बैठक की।
राज्य सचिव धर्मपाल शर्मा ने बताया कि सितंबर 2021 में प्राथमिक शिक्षकों के भी तबादले किए जाएंगे। अंतर-जिला तबादले कोर्ट केस के बाद होंगे। मुख्यमंत्री के आदेशानुसार मॉडल संस्कृति स्कूलों में कार्यरत अध्यापकों को जिन शिक्षकों का कार्यकाल तीन वर्ष से कम है स्थानांतरण करवाने का अवसर फिलहाल नहीं दिया जाएगा।
अतिथि अध्यापकों के लिए बाद में ड्राइव चलाया जाएगा। संगठन ने मांग की सभी अतिथि अध्यापकों को तबादले का मौका मिलना चाहिए। वर्तमान ट्रांसफर ड्राइव में स्टे की गणना 31 अगस्त 2021 के आधार पर रहेगी। अध्यापक संघ ने रेशनलाइजेशन संबंधी मांग की अध्यापक छात्र अनुपात 1:20 किया जाए। इस पर निदेशक ने कहा कि यह संभव नहीं है क्योंकि इस वर्ष डेढ़ लाख बच्चे सरकारी स्कूलों में बढ़े हैं और नई भर्ती भी नहीं है। पहली प्राथमिकता के आधार पर उन 607 विद्यालयों में एक और अध्यापक दिया जाएगा जहां एक ही अध्यापक है। ऐसे 150 विद्यालय हैं जहां एक भी अध्यापक नहीं है। सभी प्राथमिक विद्यालयों में डीसी रेट पर एक ग्रुप डी कर्मचारी सितंबर माह में लगाने के लिए कार्रवाई की जाएगी। जनसंख्या के अनुसार नए विद्यालय खोलने के लिए सर्वे कराया जाएगा।
800 से अधिक रिक्त पड़े मुख्य शिक्षक के पदों पर सभी जिलों में पदोन्नति की जाएगी। संगठन ने मांग की सभी विद्यालयों में मुख्य शिक्षक का पद स्वीकृत किया जाए। 1983 पीटीआई की सेवा बहाली के मुद्दे पर निदेशक ने कहा कि आज ही न्यायालय में तारीख है जैसा भी फैसला होगा तुरंत लागू किया जाएगा।