दो वर्ष पूर्व नगरपालिका द्वारा कराए गए प्रॉपर्टी सर्वे में 40 प्रतिशत से अधिक रिकॉर्ड में खामी पाई गई है। नपा द्वारा एक निजी कंपनी को टेंडर देकर अब प्रापर्टी संबंधित रिकार्ड में पाई जा रही खामियों को दूर करने के लिए शहरवासियों को नोटिस जारी कर अवसर दिया गया है। दो वर्ष पूर्व हुए प्रॉपर्टी सर्वे के दौरान शहरी क्षेत्र में कुल 16490 संपत्ति का सर्वे हुआ था। इनमें से 10752 रिहायशी एवं व्यवसायिक संपत्ति दर्शाई गई तथा शेष 5738 खाली मकान एवं प्लॉट दर्शाए गए थे लेकिन इस सर्वे में करीब 40 प्रतिशत मालिकों का रिकॉर्ड सही नहीं दर्शाया गया था। अब नगरपालिका द्वारा शहरवासियों को नोटिस भेजकर त्रुटियों को ठीक कराने का अवसर दिया जा रहा है।
अब होगा शहर में प्रॉपर्टी का सही मूल्यांकन
दो वर्ष पूर्व शहर में हुए प्रॉपर्टी आईडी सर्वे महज खानापूर्ति की गई थी जिसके कारण अनेक शहरवासियों की प्रॉपर्टी का मूल्यांकन सही नहीं हो पाया था। नगरपालिका द्वारा अब एक निजी कंपनी को टेंडर देकर सही मूल्यांकन कराया जा रहा है। कंपनी के कर्मचारी घर-घर जाकर मालिकों को नोटिस देकर त्रुटियां ठीक कराने का अवसर दिया जाएगा। जिसकी प्रॉपर्टी आईडी में खामियां हैं वह नपा कार्यालय में पहुंचकर ठीक करा सकता है।
ऑनलाइन भी ठीक कर सकते हैं रिकॉर्ड
इस बार में कंपनी के सुपरवाइजर मोहनलाल ने बताया कि नोटिस मिलने के एक माह तक शहरवासी किसी भी प्रकार की खामियों को दूर करने के लिए पीएमएस हरियाणा की साइट पर ऑनलाइन अपनी संपत्ति की सही जानकारी देकर रिकॉर्ड को ठीक कर सकते हैं। शहरवासियों को 8 अंकों की प्रॉपर्टी आईडी जारी की गई है। ऑनलाइन खामियां दूर करने के लिए लाल डोरा से बाहर व अंदर की आबादी को शामिल करके प्रॉपर्टी आईडी बनाई गई है। लाल डोरे में शामिल प्रॉपर्टी आई खामियों को दूर कराने के लिए बिजली बिल, शपथ पत्र या नगर पार्षद द्वारा सत्यापित घोषणा पत्र के अलावा आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, गृहकर, भूमि पंजीकरण, जमाबंदी, इंतकाल, पैन कार्ड आदि भी जरूरी दस्तावेजों में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि नगर पालिका में पिछले 22 दिसंबर शुरू किया गया था।