बलाहां कलां में जल जीवन मिशन के कार्यों का जायजा लेते मुख्य अभियंता। संवाद
- फोटो : Narnol
जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों का जायजा लेने के लिए सोमवार को पंचकूला से मुख्य अभियंता देवेंद्र सिंह दहिया नारनौल पहुंचे। उन्होंने खंड के गांव बलाह कलां, बलाह खुर्द, दोचाना व निजामपुर खंड के सरेली और बसीरपुर का दौरा किया।
मुख्य अभियंता ने जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल प्रदान करने की योजना को तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने गांव की गलियों में डाली जा रही पेयजल पाइपलाइन का निरीक्षण भी किया व ग्रामीणों से बातचीत भी की। ग्रामीणों को आश्वस्त भी किया की दिसंबर के अंत तक हर घर नल प्रदान किए जाने के लक्ष्य को पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 2022 तक हर घर में 55 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन के हिसाब से स्वच्छ जल प्रदान करने के कार्यों को अंजाम देने के लिए विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ग्राम जल एवं सीवर समिति के सदस्यों और ग्रामीणों के सहयोग से इस कार्य को जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इस मौके पर कार्यकारी अभियंता सूर्यकांत, उपमंडल अभियंता रामपाल, जेई प्रियवीर सहित विभाग के सदस्य और ग्रामीण मौजूद रहे।
346 में से 218 ग्राम पंचायतों में बांटी क्लोरीन जांच किट
जल जीवन मिशन के तहत ग्राम जल एवं सीवर समिति सदस्यों को पेयजल की क्लोरीन जांच के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन के जिला सलाहकार मंगतुराम सरसवा ने बताया कि जल जीवन मिशन का मुख्य उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले उन सभी परिवारों को घर में पानी की सुविधा उपलब्ध करवाना, जिन्हें पानी जैसी समस्याओं से गुजरना पड़ता है। पानी की उपलब्धता के साथ-साथ पानी की गुणवत्ता भी जरूरी है। पीने के पानी को कीटाणु रहित करने के लिए विभाग द्वारा पेयजल को क्लोरीनेशन किया जाता है। ग्राम जल एवं सीवर समिति के सदस्य खुद पेयजल की क्लोरीन जांच करके पानी की गुणवत्ता का पता लगा सके इसके लिए विभाग की टीम लगातार वीडब्ल्यूएससी सदस्यों के संपर्क में है।
उन्होंने बताया कि अभी तक जिले की 346 ग्राम पंचायतों में 218 ग्राम पंचायतों के ग्राम जल एवं सीवर समिति सदस्यों को क्लोरीन जांच किट वितरित की जा चुकी है।