महेंद्रगढ़। दीपावली पर अवैध रूप से पटाखा बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा जांच अभियान जारी है। थाना शहर महेंद्रगढ़ की पुलिस ने शनिवार को भारी मात्रा में पटाखे बरामद कर शहर निवासी रवि के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने शनिवार को शंकर मार्केट सब्जी मंडी महेंद्रगढ़ क्षेत्र में छापामारी कर कार्रवाई करते हुए करीब 4.50 लाख रुपये के अवैध पटाखे जब्त किए थे। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने अवैध पटाखों के साथ रवि वासी सैनीपुरा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना शहर महेंद्रगढ़ पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि रवि वासी सैनीपुरा ने शंकर मार्केट सब्जी मंडी में दुकानों में पटाखों का अवैध भंडारण किया हुआ है। टीम ने मौके पर पहुंचकर बताए हुए स्थान पर छापा मारा। वहां पर मौजूद एक व्यक्ति को पुलिस ने काबू करके पूछताछ की और दुकान की जांच की। दुकान में भारी मात्रा में गत्ता पेटियों में रखे विस्फोटक पटाखे बरामद हुए। आरोपी की पहचान रवि के रूप में हुई है। पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह हिसार फैक्टरी से यह पटाखे लेकर आया था। पुलिस ने एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।