संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। साहा रोड पर सत्संग भवन के नजदीक कार चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। कार ने बाइक सवार को घसीटते हुए सड़क के किनारे खड़ी मां-बेटी को भी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार युवक और महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं युवती जख्मी हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद युवती निशित को सीएचसी से चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया।
मृतकों की शिनाख्त विकास वासी न्यू रेलवे कॉलोनी बराड़ा (अंबाला) और कुसुम वासी गांव सरायंसुखी के रूप में हुई है। विकास कोरियर का काम करता था। विकास अपनी बाइक पर शाहाबाद से बराड़ा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान बराड़ा की तरफ से आ रही कार ने उसकी बाइक को चपेट में ले लिया, जिससे कार का बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़ी मां-बेटी को टक्कर मारते हुए घसीटते हुए ले गई।
कुसुम अपनी बेटी निशित के साथ शाहाबाद साहा रोड पर स्थित सत्संग भवन में सत्संग सुनने के बाद गांव वापस जाने के लिए किसी वाहन का इंतजार कर रही थी। हादसे में कुसुम की मौत हो गई तथा उसकी बेटी जख्मी हो गई। उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया है। शिकायत पर पुलिस ने कार नंबर के आधार पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिए।