संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। पॉलिसी की इंश्योरेंस मैच्योरिटी के 80 लाख रुपये दिलाने का झांसा देकर दो शातिर ठगों ने एक व्यक्ति से 16 लाख रुपये हड़प लिए हैं। शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
थाना शाहाबाद पुलिस को दी अपनी शिकायत में गांव पाढ़लु वासी परमजीत सिंह ने बताया कि जुलाई 2021 में उसकी एक व्यक्ति के साथ बातचीत हुई। उस व्यक्ति ने उसे उसकी बहन की एक बीमा पॉलिसी की जानकारी दी थी। उसके बाद वह व्यक्ति लगातार उसे मोबाइल फोन पर बातचीत करने लगा। उस व्यक्ति ने बताया कि वह इंश्योरेंस रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी इंडिया का कर्मचारी है। उसे इंश्योरेंस की मैच्योरिटी अमाउंट के 80 लाख दिलवा सकता है। वह उनकी बातों में आ गया।
उसने अपना नाम आरके सिंह और दूसरे साथी ने अपना नाम राज्यवर्धन रेड्डी बताया था। इन दोनों ने लगातार मोबाइल फोन से उसकी साथ संपर्क बनाए रखा। उन्होंने बातों से उलझा कर उसे मैच्योरिटी अमाउंट दिलाने के लिए नाम उससे कुछ फीस जमा कराने के लिए तैयार कर लिया। आरोपियों ने उसके व्हाट्सएप पर बैंक खाता संख्या भेजी तो उसने बैंक खाते में रुपये जमा करवा दिए।
इसके बाद भी उन्होंने रुपये मांगे तो उसने बैंक खाते में जमा करवा दिए। हालांकि वह उसे इन रुपयों की रसीद भेजते रहे, मगर बार-बार रुपये मांगने लगे तो उसे अपने साथ हो रही धोखाधड़ी का अहसास हुआ। उसने उनसे अपने रकम वापस देने की मांग की, जिस पर आरोपियों ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया। आरोपियों ने उसके साथ 16 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।