संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। पुलिस की वर्दी ने जीजा-साले को डरा-धमका कर तीन लाख रुपये छीनने दो आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों ने शिकायतकर्ता को एक लाख के बड़े नोटों के बदले 100-100 रुपये के डेढ़ लाख रुपये देने का लालच दिया था। पुलिस ने आरोपी राम सिंह वासी कशीमपुर (फतेहाबाद) व अशोक वासी सच्चा खेड़ा (जींद) को अदालत में पेश कर कारागार भेज दिया है। इस मामले में पुलिस तीन आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है।
बलिवंद्र सिंह वासी हरीगढ़ थाना कन्नौर जिला पटियाला पंजाब ने एक दिसंबर को थाना सदर पिहोवा पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह फर्नीचर का काम करता है। उसने 30 नवंबर को यूको बैंक शाखा कन्नौर से डेढ़ लाख रुपये निकलवाए थे। इसी दौरान बैंक के बाहर उसे एक व्यक्ति मिला, जिसने उससे फोन मांगकर कॉल की थी। कुछ देर बाद उसे कॉल आई कि बैंक से मिले बड़े नोटों के एक लाख रुपये के बदले वह उसे 100-100 रुपये के डेढ़ लाख रुपये दे सकता है। उसने कॉल करने वाले से दो दिन का समय मांगा था।
अगले दिन वह घर से तीन लाख रुपये लेकर एल्युमीनियम की सीट खरीदने के लिए अपने साले कुलदीप सिंह वासी नन्यौला (अंबाला) और गांव के मलकीत के साथ अपनी गाड़ी में पिहोवा के लिए चला था। रास्ते में उसके पास पैसे बदलने के लिए कॉल आई और उसे बोधनी से पहले रुकने के लिए कहा था। तभी उसके पीछे एक कार आकर रुकी, जिसमें सवार दो लोगों ने उसे 100-100 रुपये के नोटों के बंडल से भरे तीन बैग दिखाए और कहा कि उसे यह नोट मिलेंगे।
उसने मलकीत को कार से उतार दिया और अपने साले कुलदीप के साथ उनकी गाड़ी के पीछे चल दिया। करीब दो किमी जाने के बाद एक डिजायर और इनोवा उसकी गाड़ी के आगे आकर रुकी थी। इसमें पुलिस की वर्दी में तीन-चार लोग उतरे और उसकी गाड़ी की जांच करते हुए उसे डरा-धमका कर तीन लाख रुपये लेकर फरार हो गए थे।
शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच करते हुए पांच दिसंबर को आरोपी प्रवीन उर्फ डिंपल वासी औगंद (कैथल), धर्मबीर व अमनदीप वासी वाल्मीकि बस्ती ढांड (कैथल) को गिरफ्तार करके कारागार भेज दिया था। अब पुलिस ने आरोपी राम सिंह व अशोक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया गया।