संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। महान क्रांतिकारी नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती जिलेभर में धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान विभिन्न जगहों पर सैल्यूट नेताजी कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न सामाजिक व राजनैतिक संगठनों व पार्टियों ने नेताजी को याद किया। इस मौके पर कई जगह स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित किया तो कई जगह रक्तदान शिविर व निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए। इसके साथ ही नेताजी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जनसभा भी की गई। इस दौरान वक्ताओं नेताजी को पराक्रम की प्रतिमूर्ति बताया।
भाजपा की ओर से जिले में विभिन्न जगहों पर नेताजी सैल्यूट कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान सांसद नायब सैनी, थानेसर विधायक सुभाष सुधा व जिलाध्यक्ष राजकुमार सैनी विभिन्न कार्यक्रमों में पहुंचे। इन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क में नेताजी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। वहीं, सेक्टर-7, बाहरी मोहल्ला, सेक्टर-13 और गांव खेड़ी रामनगर आदि जगहों पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। सेक्टर-13 में सीनियर सिटीजन फोरम द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हे नमन किया। इस मौके पर पूर्व सैनिक रवि भूषण और जगदीप शर्मा को शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
सेक्टर-7 में जन चेतना मंच की ओर से आयोजित कार्यक्रम में वीर सैनिकों के परिवार के सदस्यों कृष्णा देवी, समाजसेवी मीना जैन व अन्य लोगों को नेताजी के पोस्टर देकर सम्मानित किया गया। सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि नेता जी का कहना था कि मुझे नहीं मालूम कि स्वतंत्रता के इस युद्ध में कौन-कौन जिंदा बचेंगे, लेकिन मैं यह जानता हूं, अंत में जीत हमारी ही होगी, सुबह से पहले अंधेरी घड़ी अवश्य आती है, बहादुर बनो और संघर्ष जारी रखो, क्योंकि स्वतंत्रता निकट है।
विधायक सुधा ने कहा कि ऐसी महान विभूतियों ने देश को नई दिशा देते हुए स्वतंत्रता संग्राम में अविस्मरणीय योगदान देकर आजादी दिलवाई। इस दौरान रदीप डाबला, शकुंतला शर्मा, नरेंद्र जांगड़ा, साहिल सुधा, मोहन लाल अरोड़ा, राजेंद्र भारद्वाज, संत कुमार, सुदर्शन सिंधवानी, विजय कपूर, मुकेश खुराना, डॉ. इंद्रजीत शर्मा, फूल सिंह सैनी, हरि सिंह राणा, नफे सिंह व रमेश सैनी आदि मौजूद रहे।
वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से गांव बेरथला में नेता जी की 125 वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता गुलजार सिंह बेरथला ने की। मुख्यातिथि भाजपा किसान मोर्चा के मंडल प्रधान भीम सिंह रहे। इस दौरान रघबीर सिंह, बरखा राम, लखा सिंह व जगमाल सिंह आदि मौजूद रहे।