संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। थानेसर के बाद सबसे ज्यादा भीड़ वाला मोहन नगर बाजार भी अवैध पार्किंग की समस्या झेल रहा है। इस बाजार 200 से ज्यादा दुकानें हैं, जिन पर रोजाना हजारों की संख्या में लोग खरीदारी करने के लिए पहुंचते हैं। यहां कोई पार्किंग की व्यवस्था न होने के चलते लोगों को मजबूरन अपने वाहन सड़क पर या दुकानों के आगे ही खड़े करने पड़ते हैं, जिस कारण यहां सारा दिन जाम की स्थिति बनी रहती है।
लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान देना चाहिए। शाम के समय बाजार में स्थिति सबसे ज्यादा खराब होती है। मोहन नगर की मुख्य सड़क पर सबसे ज्यादा दुकानें हैं, जब लोग इसी सड़क पर अपने वाहन खड़े कर देते हैं समस्या और भी ज्यादा बढ़ जाती है।
डायमंड स्वीट हाउस से संचालक राजेंद्र सिंगला ने कहा कि कहा कि मोहन नगर के बाजार में पार्किंग की बहुत आवश्यकता है। प्रशासन को चाहिए कि इसका किसी भी प्रकार से प्रबंध किया जाए। शाम के समय तो स्थिति बहुत ज्यादा खराब हो जाती है।
मोहन नगर वासी सतीश कुमार ने बताया कि बाजार में बहुत से दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण किया हुआ है ऐसे में मुख्य सड़क संकरी हो गई है और ऊपर से खरीदारी करने आए लोग इसी सड़क पर अपना वाहन खड़ा कर देते हैं, जिस कारण कई बार जाम लग जाता है।
शमशेर ने कहा कि बाजार में पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में लोग अपना वाहन कहीं भी खड़ा कर देते हैं। इससे जाम लगता है। इस सड़क से चार पहिया वाहन गुजरते हैं तो कई बार वे सड़क किनारे खड़े वाहन से टकरा जाते हैं।
अभिषेक गर्ग ने कहा कि अवैध पार्किंग के कारण बाजार में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। कई बार तो लोग उनकी दुकानों के आगे वाहन खड़ा कार खरीदारी करने चले जाते हैं, जिस कारण ग्राहक को दुकान में प्रवेश करने में समस्या होती है।
मोहन नगर में सड़क के किनारे खड़े वाहन। संवाद- फोटो : Kurukshetra