संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। दी कुरुक्षेत्र सहकारी कॉपरेटिव बैंक के महाप्रबंधक के आदेश से नाराज पैक्स कर्मचारियों ने रोष प्रदर्शन किया। साथ ही मांगें नहीं माने जाने पर बुधवार से रिकवरी रोकने का एलान किया।
इससे पूर्व पैक्स कर्मचारियों ने जाट धर्मशाला में बैठक की और दी कुरुक्षेत्र सहकारी कॉपरेटिव बैंक के महाप्रबंधक के फरमान को उनकी मनमानी बताया। बैठक अध्यक्षता कर रहे जिला प्रधान ज्ञानी राम ने कहा कि दी कुरुक्षेत्र सहकारी कॉपरेटिव बैंक के महाप्रबंधक तनवीर मोर अपनी मनमानी से पैक्स पर धक्के से लिमिट थोप रहे हैं, जिसका ब्याज 13 प्रतिशत है। ऐसे में पैक्स मोटे घाटे में चली जाएगी।
महासचिव सुनील कुमार कहा कि पहले सभी पैक्स की जो लोन रिकवरी होती थ,ी उसे पैक्स द्वारा सेविंग खाते में डाल दिया जाता था, जिसका प्रयोग खाद खरीदने में किया जाता था और बाद में बैंक उसे लोन खाते में ले लेता था, लेकिन अब लोन की रिकवरी को लोन खाते में लेने में का फैसला महाप्रबंधक द्वारा किया गया है। इसके बाद पैक्स के पास खाद खरीदने के लिए पेमेंट नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि अब महाप्रबंधक की ओर से मौखिक कहा गया है कि खाद खरीदने के लिए पैक्स की लिमिट बना दी जाएगी, जिसका ब्याज 13 प्रतिशत होगा, लेकिन किसान से खाद का जो ब्याज लिया जाता है, वह मात्र 7 प्रतिशत है। ऐसे में पैक्स को सीधे-सीधे छह प्रतिशत का घाटा होगा। पैक्स कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मंगलवार तक उनकी मांग को नहीं माना गया तो बुधवार से रिकवरी करना छोड़ देंगें।