दोस्त की जन्मदिन पार्टी में अंबाला के बराड़ा से आए हर्ष (17) की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत के मामले में पुलिस ने 22 दिन बाद हत्या का मामला दर्ज किया है। इस मामले में पुलिस ने हर्ष के ही आठ दोस्तों को नामजद किया है। पहले मौत का कारण होटल की छत से गिरना बताया जा रहा था, मगर हर्ष की मां पुलिस कार्रवाई व मौके पर मौजूद लोगों के बयान से संतुष्ट नहीं हुई थी और उन्होंने पुलिस अधीक्षक डॉ. अंशु सिंगला को शिकायत देकर मामले की जांच कराने की गुहार लगाई।
थाना कृष्णा गेट पुलिस को दी अपनी शिकायत में बराड़ा के गुगा मेड़ी के पास रहने वाली पिंकी रानी ने कहा कि 10 जून को दोपहर तीन बजे उसके बेटे हर्ष ने फोन पर बताया कि वह अपने दोस्त के साथ एक अन्य दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने जा रहा है। उसी रात करीब आठ बजे उसके पास फोन आया कि वह रात को नहीं आएगा। रात करीब 12 बजे उसकी बड़ी बहन नीलम का फोन आया कि हर्ष को चोट लगी है और वह जल्दी कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल में आ जाए। जब वह अस्पताल में पहुंची तो उसके बेटे की नाक से खून बह रहा था और उसके कपड़े फटे हुए थे। उसने हर्ष से बात करनी चाही, मगर उसकी मौत हो चुकी थी। उसे बताया गया कि हर्ष झांसा रोड स्थित होटल में जन्मदिन की पार्टी में था। वहां होटल की छत से गिरने से हर्ष की मौत हुई है।
उसी रात कृष्णा गेट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया था। पुलिस ने उस समय इत्तेफाकिया रपट दर्ज की थी। उसके बाद 21 जून को शिकायतकर्ता और होटल संचालक व अन्य युवकों को थाने में बुलाया गया था। यहां पुलिस ने हर्ष के परिवार के सामने उन सभी के बयान लिए गए। उनके बयानों से परिवार के सदस्य संतुष्ट नहीं हैं।
हर्ष की मां पिंकी का कहना है कि हर्ष किसी भी प्रकार का नशा नहीं करता था। उसकी जानबूझ कर उसकी हत्या की गई है। अगर हर्ष होटल की तीसरी मंजिल से गिरा होता तो उसके पूरे शरीर और सिर पर चोट लगती, मगर उसके सिर्फ नाक से खून निकला था। उसके अलावा कहीं भी कोई चोट नहीं थी। वहीं हर्ष का मोबाइल भी बरामद नहीं हुआ है और उसके कपड़े भी फटे हुए थे। आरोप है कि हर्ष की हत्या की गई है। हत्या के बाद उसके शव को घसीट कर नीचे लाकर फैंक दिया गया।
थाना कृष्णा गेट प्रबंधक कर्मबीर सिंह ने बताया कि पहले शिकायतकर्ता ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं कराने की बात कही थी, जिस पर पुलिस ने 174 के तहत कार्रवाई की थी। अब उसने हर्ष के साथ पार्टी में शामिल युवकों के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। हर्ष के सभी दोस्त नाबालिग हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।