शाहाबाद। नगर पालिका प्रशासन ने मंगलवार को पुलिस टीम की मौजूदगी में शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। पालिका की इस कार्रवाई का दुकानदारों विरोध भी किया, लेकिन नपा के कर्मचारी दुकानों के बाहर सड़कों पर रखे सामान को ट्रैक्टर-ट्राली में लादकर और नपा परिसर ले गए। इस दौरान पुलिस की दुकानदारों को संभालने पर लगी रही।
सेनेटरी इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार और जेई दयानंद के नेतृत्व में करीब 20 नपा के सफाई व अन्य कर्मचारी पुलिस की टुकड़ी को लेकर 11.30 बजे बाजार में पहुंचे। सबसे पहले सिविल अस्पताल रोड पर कार्रवाई अमल में लाई गई। यहां दुकानों के बाहर फ्लेक्स बोर्ड के साथ-साथ जो सामान भी सड़कों पर रखा था उसे ट्रैक्टर ट्राली में लादना शुरू कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान नपा कर्मियों ने शिव मंदिर रोड पर लगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बोर्ड को भी उठाकर ट्रेक्टर-ट्राली में डाल दिया, लेकिन साथ चल रहे सेनेटरी इंस्पेक्टर ने तुरंत बोर्ड को ट्रैक्टर से उतरवाकर सम्मान के साथ नगरपालिका कार्यालय में भिजवा दिया। इसके पश्चात नगरपालिका की टीम देवी मंदिर व लाडवा रोड पर पहुंची।
इस रोड पर कई लोगों ने पक्के थड़े बनवाए हुए हैं, जिसकी शिकायत नपा कार्यालय में आई थी। नपा कर्मचारियों को इन थड़ों को हटवाने के निर्देश भी दिए गए। नगर पालिका की इस कार्रवाई पर कई दुकानदारों ने विरोध किया और अधिकारियों व कर्मचारियों में जमकर बहस भी हुृई। इसके पश्चात लाडवा रोड व एचएसवीपी सेक्टर में भी कार्रवाई चली। सेनेटरी इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार ने कहा कि नपा की ओर से दुकानदारों को चेताया गया था कि अतिक्रमण के कारण शहर में जाम की स्थिति बनी रहती है, इसलिए वे ऐसा न करें। बार-बार अपील पर भी जब हालात नहीं सुधरे नपा द्वारा कार्रवाई अमल में लानी पड़ी।