कुरुक्षेत्र। जाट धर्मशाला महासभा के चुनावी दंगल में चौधर के लिए दो प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। सोमवार को तीन में से एक प्रत्याशी राजा राम ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। अब पूर्व एसडीएम मांगे राम और लाडवा के पूर्व विधायक शेर सिंह बड़शामी के भाई पूर्ण सिंह बड़शामी के बीच कड़ा मुकाबला होगा।
प्रधान पद सहित अन्य 10 पदों पर 20 अप्रैल को सभी प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। इसके बाद चुनाव चिह्न दिए जाएंगे और 25 अप्रैल को 190 मतदाता प्रत्याशियों की जीत व हार का फैसला करेंगे। खास बात यह थी कि जाट धर्मशाला महासभा में वर्ष 1970 से प्रधान पद का चुनाव सर्वसम्मति से होता आया है, लेकिन पिछले चार साल पहले दो गुटों में चौधर को लेकर विवाद हो गया था।
इस दौरान कई दिनों तक धरने प्रदर्शन जारी रहे। बढ़ते तनाव के बीच प्रशासक नियुक्त करना पड़ा था। जाट धर्मशाला महासभा चुनाव के चुनाव अधिकारी बाबैन बीडीपीओ आशुतोष धीमान ने बताया कि प्रधान पद के लिए ज्योतिनगर निवासी निवासी पूर्व एसडीएम मांगे राम ढुल और बड़शामी निवासी पूर्ण सिंह के बीच चुनाव होगा।