हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पुलिस को दी शिकायत पर कोई कार्रवाई न होने से खफा एक गाइड शुक्रवार की दोपहर को सेक्टर-13 स्थित बीएसएनएल के 310 फुट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस व बीएसएनएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर फायर ब्रिगेड व बचाव दल को बुलाया। तीन घंटे चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद दोपहर एक बजकर 40 मिनट पर वह खुद टावर से नीचे उतरा। पुलिस ने उसे पानी पिलाया और एंबुलेंस में अस्पताल ले गई।
गाइड को गोद में उठाकर लेकर एंबुलेंस की ओर जाते पुलिस व दमकल कर्मी। संवाद- फोटो : Kurukshetra
राकेश को पकड़ने के लिए दीवार फांदते पुलिसकर्मी। संवाद
सेक्टर 13 में बीएसएनएल के टावर से नीचे उतरता राकेश। संवाद
दो बार नीचे उतरने लगा, भीड़ देखकर फिर ऊपर चढ़ा
पुलिस की ओर से लाउडस्पीकर के माध्यम से बार-बार राकेश को उसकी शिकायत के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन देकर टावर ने नीचे आने के लिए कहा जा रहा था। इस पर राकेश ने पहले तो एक बजे नीचे आना शुरू किया, लेकिन नीचे भीड़ को देख फिर से ऊपर चढ़ गया। इसके बाद एक बजकर 46 मिनट पर वह फिर से उतरने लगा और बीच में ही रुक गया। पुलिस द्वारा बार-बार दिए जा रहे आश्वासन के बाद आखिर एक बजकर 50 मिनट पर वह नीचे उतर आया और दीवार फांदकर दूसरी तरफ बैठ गया। पुलिस ने उसे काबू कर पानी पिलाया और गोद में उठाकर एंबुलेंस तक ले गई, जहां से उसे एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया।