कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ टीचर ट्रेनिंग एंड रिसर्च (आईटीटीआर) तथा अन्य संबंधित एडेड व एसएफएस बीएड कॉलेजों की कुल 13260 सीटों पर आवेदन प्रक्रिया खत्म हो गई है। अंतिम तारीख तक 7500 इच्छुक विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किए हैं। विभाग की ओर से कॉलेजों के लिए ऑनलाइन च्वाइस भरने तथा लॉक करने का मौका भी दिया गया है। अब तीन नवंबर को शाम 5 बजे तक ओवर ऑल मेरिट जारी की जाएगी। वहीं, 3 से 5 नवंबर तक आवेदक को विसंगति दूर करने का मौका दिया गया है। इसके पश्चात 8 नवंबर को दोपहर 12 बजे तक ओवर ऑल मेरिट लगाई जाएगी।
शेड्यूल के अनुसार संबंधित कॉलेज में काउंसलिंग-1 के तहत 9 नवंबर को ऑनलाइन सीटें आवंटित की जाएगी तथा दस्तावेजों की जांच 9 से 12 नवंबर के बीच होगी। दस्तावेजों की जांच के बाद पोर्टल पर योग्य आवेदकों की सूची 13 नवंबर को लगेगी तथा आवेदक 17 नवंबर तक फीस जमा कराने का मौका दिया गया है। दूसरी काउंसलिंग में 20 नवंबर को सीटें आवंटित होंगी तथा दस्तावेजों की जांच 20 से 24 नवंबर के बीच होगी। पोर्टल पर योग्य आवेदकों की सूची 25 नवंबर को अपलोड होगी तथा 29 नवंबर तक फीस जमा करानी होगी। कॉलेज पहली काउंसलिंग में दाखिले लेने वाले उम्मीदवारों की ऑनलाइन अपडेट 18 नवंबर को तथा द्वितीय काउंसलिंग में दाखिले की ऑनलाइन अपडेट 30 नवंबर तक करनी होगी।
उधर, चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा ने अपने शिक्षा विभाग तथा विश्वविद्यालय से संबद्ध गवर्नमेंट एडेड कॉलेज एवं निजी कॉलेज में बीएड तथा बीएड (स्पेशल) प्रोग्राम के लिए दाखिला के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है। इच्छुक विद्यार्थी सरकारी कॉलेज के लिए 8 नवंबर तथा निजी कॉलेजों में 18 नवंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग व गवर्नमेंट एडेड कॉलेज में 9 नवंबर को तथा निजी कॉलेजों में 20 नवंबर को पहली मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। इसके बाद सरकारी व एडेड कॉलेजों में 13 नवंबर को तथा निजी कॉलेजों में 24 नवंबर को दूसरी मेरिट लिस्ट और विवि के शिक्षा विभाग, सरकारी एडेड कॉलेजों में 18 नवंबर को तथा निजी कॉलेजों में 28 नवंबर को तीसरी मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।