हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के इस्माईलाबाद में राष्ट्रीय राजमार्ग 152 पर गांव अजरावर के पास अचानक बाइक का टायर फट गया, जिससे पीछे आ रही कार बाइक से टकराने के बाद पीपल के पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार चालक सहित 11 साल की बच्ची की मौत हो गई। बाइक व कार सवार सात लोग जख्मी हो गए। मृतकों की शिनाख्त अनिल वासी कांगड़ी कलां (यमुनानगर) व जोया वासी जंधेड़ी (अंबाला) के रूप में हुई।
रिंकू वासी गांव कांगड़ी कलां थाना छप्पर (यमुनानगर) ने थाना में दी शिकायत में बताया कि परिवार में उसके चचेरे भाई की शादी थी। शादी में उसकी बहन प्रवीन, भांजी जोया, चचेरी बहन हाजरा, भांजा अंश खान व आयुष खान वासी जंधेड़ी (अंबाला) आए थे।
शादी के बाद रिश्तेदारों को उनके गांव छोड़ने के लिए गांव के ही अनिल की कार को किराए पर भेजा था। उसकी भतीजी शबनम भी रिश्तेदारों के साथ कार में चली गई थी। वह अपनी बाइक पर अपनी बहन के घर जंधेड़ी किसी काम से आ रहा था।
वह उने लोगों से पहले चल दिया था। करीब 12 बजे अजरावर बस स्टैंड पर आकर रुक गया था। उसने देखा कि उनके गांव का अनिल अपनी कार में ठोल की तरफ से आ रहा था। कार के आगे एक बाइक पर दो व्यक्ति जा रहे थे।
अचानक बाइक का टायर फट गया, जिससे पीछे आ रही अनिल की कार बाइक से टकरा गई। इससे बाइक सवार दोनों व्यक्ति सड़क पर गिर कर जख्मी गए। कार अपने साथ बाइक को घसीटते हुए ले गई।
इससे कार बेकाबू होकर पीपल के पेड़ से टकराकर गई। उसने आसपास के लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला। कार में सवार उसकी दोनों बहन प्रवीन, हाजरा, भांजे अंश, आयुष, भांजी जोया, भतीजी शबनम व अनिल को एंबुलेंस की मदद से अंबाला के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
वहां चिकित्सकों ने कार चालक अनिल व उसकी भांजी जोया को मृत घोषित कर दिया। प्रवीन की नाजुक हालत देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज करके शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।