कुरुक्षेत्र। कैथल के व्यापारी संदीप गर्ग की हत्या गोली लगने से नहीं बल्कि धारदार हथियारों के हमले से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के दौरान उनके शरीर पर इस हमले की तस्दीक करते 42 जख्म मिले हैं जबकि शरीर में गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई। बुधवार को पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन शव लेकर कैथल रवाना हुए। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
मालूम हो कि मंगलवार को कैथल के शराब व सीमेंट कारोबारी संदीप गर्ग की गांव कमोदा के निकट कुछ लोगों ने हत्या कर दी थी। बुधवार को एलएनजेपी अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान तनावपूर्ण स्थिति रही। पोस्टमार्टम से इससे पहले शव का एक्सरे कराया गया, जिसमें गोलियों की जगह नुकीले सुए व तेजधार हथियारों के निशान पाए गए। पोस्टमार्टम के दौरान संदीप के परिजन, नजदीकी रिश्तेदार पिहोवा नगर पालिका के अध्यक्ष अशोक सिंगला एवं अग्रवाल समुदाय के काफी लोग मौजूद रहे। पुलिस ने संदीप के दोस्त राहुल की शिकायत पर आठ लोगों के नाम और अन्य पांच से छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
ज्योतिसर पुलिस चौकी प्रभारी यशपाल ने बताया कि घटना के समय कार में संदीप के अलावा मौजूद उसके दोस्त राहुल की शिकायत पर ढांड निवासी राहुल, प्रवीण, काला, गुरमीत, कपूरा, मड़कू, अमरजीत, साहवाश के साथ पांच से छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में टीमें बनाकर छापेमारी शुरू कर दी है ।वहीं आज यह भी चर्चा रही कि पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है,लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की।