थाना सदर के गांव अमनगढ़ माजरा के पास से जा रहे बिजली कर्मचारी नेता पर हमला कर डेढ़ लाख रुपये लूट लिए।
घायल हालत में कर्मचारी नेता को मथाना सीएचसी में दाखिल कराया गया। वहां से उसे एलएनजेपी सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पिपली सब डिविजन में कार्यरत फोरमैन और कर्मचारी नेता रविंद्र सैनी निवासी प्रतापगढ़ शुक्रवार को देर शाम कुरुक्षेत्र में एक निजी अस्पताल में दाखिल जेई प्रवीण सैनी का हालचाल पूछने आए थे। वह देर रात वापस गांव जा रहे थेञ रात में अमनगढ़ माजरा के पास कुछ लोगों ने उन पर हमला बोल दिया।
हमलावर उनके पास मौजूद करीब डेढ़ लाख रुपये लूट कर भाग गए। घायल होने पर उन्होेंने किसी तरह परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, इमरजेंसी में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने उन्हें दाखिल करने से इनकार करते हुए सीएचसी मथाना जाने की बात कही।
इसके बाद वे वहां पहुंचे। वहां पर उपचार शुरू हुआ। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें एलएनजेपी रेफर कर दिया गया। थाना सदर प्रभारी दलीप सिंह का कहना है कि मामले की सूचना मिली है। जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है। घायल रविंद्र सैनी हमलावरों को पहचानते हैं।