जिला नगर योजनाकार द्वारा सोमवार को चार अवैध कॉलोनियों पर पीला पंजा चलाया गया। जिससे प्रॉपर्टी डीलरों व कालोनाइजरों में हड़कंप मच गया। लाडवा इंद्री मार्ग पर बनी अवैध कॉलोनी व मौजा बूढ़ा के हिनौरी रोड पर बनी 2 अवैध कॉलोनियों तथा लाडवा बूढ़ा मार्ग पर बनी अवैध कॉलोनी में कार्रवाई की गई। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा।
जिला नगर योजनाकार सतीश कुमार पुनिया ने बताया कि लाडवा क्षेत्र के मौजा में बार-बार अवैध कॉलोनियों काटने की जानकारी मिल रही थी, जिस पर विभाग ने इन लोगों को बार-बार नोटिस भी दिए, लेकिन इन लोगों ने कोई परवाह नहीं की। अब मजबूर होकर विभाग को पुलिस बल की सहायता से तोड़फोड़ की कार्रवाई अमल में लानी पड़ी है। उन्होंने बताया कि लाडवा मौजा के लाडवा इंद्री मार्ग पर 3 एकड़ में बनी अवैध कॉलोनी, मौजा बुढ़ा- हिनौरी रोड पर बनी दो अवैध कॉलोनियां जो चार चार एकड़ में बनी हुई थी तथा मौजा लाडवा के बुढा रोड पर स्थित साढ़े 3 एकड़ में फैली अवैध कॉलोनी पर जेसीबी मशीन से सड़कों व नींवों को उखाड़ दिया गया और रास्तों को भी तहस-नहस कर दिया गया। प्रापर्टी डीलरों व कॉलोनाइजरों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करा दी गई है। इस अवसर पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार प्रयुष पहेल, अतिरिक्त जिला योजनाकार प्रवीण कुमार, जेई विकास व ओमप्रकाश, पटवारी सुखबीर सिंह आदि उपस्थित रहे।