पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान कुरुक्षेत्र के गांव ईशरगढ़ वासी एक नवजात की कोरोना वायरस से मौत हो गई। सोमवार शाम को नगर परिषद की टीम द्वारा कोविड प्रोटोकॉल के तहत श्मशान घाट में नवजात के शव को दफनाया गया।
जानकारी के अनुसार एक माह के इस नवजात को सांस की तकलीफ के चलते 22 दिसंबर को पीजीआई चंडीगढ़ में दाखिल कराया गया था। यहां जांच करने पर चिकित्सकों ने नवजात में कोरोना वायरस की पुष्टि की। तभी से यहां नवजात को उपचार दिया जा रहा था, लेकिन सोमवार को नवजात की मौत हो गई। जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह का कहना है कि नवजात का पीजीआई चंडीगढ़ में ही उपचार किया जा रहा था। वहां कोविड जांच करने पर नवजात में कोरोना की पुष्टि हुई थी।
बता दें कि कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की दस्तक के बाद कुरुक्षेत्र में भी कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या बढ़ी है। पिछले दिनों विदेश से वापस कुरुक्षेत्र पहुंचने वाले छह लोगों को कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है, जिन्हें अस्पताल में दाखिल किया गया है। फिलहाल जिले में अब कोरोना वायरस के दस सक्रिय केस हैं। इनमें से दो मरीजों को होम आइसोलेशन तथा 8 मरीजों को अस्पताल में दाखिल किया गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लिए गए आरटी पीसीआर और रैपिड एंटीजन के कुल 1670 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। स्
वास्थ्य विभाग ने अभी तक 357 मरीजों की मौत की पुष्टि करने के साथ-साथ 22 हजार 172 मरीजों को कोरोना की पुष्टि की है। इनमें से 21805 मरीज ठीक होकर घर जा चुके है। सीएमओ डॉ. सुखबीर सिंह ने कहा कि अभी तक लिए गए 616983 में से 593139 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। बताया कि मंगलवार को जिलेभर में 135 स्थानों पर कोरोना वैक्सीन की पहली व दूसरी डोज लगाई जाएगी।
उधर, उपायुक्त मुकुल कुमार ने सोमवार को जिला स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि एक जनवरी से जो व्यक्ति पूरी तरह से वैक्सीनेटिड होगा, उसे ही सार्वजनिक स्थानों और सरकारी कार्यालयों में प्रवेश मिलेगा। व्यक्ति वैक्सीनेटिड है या नहीं इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा टीमें गठित की गई है, जिनके पास वैक्सीन लगे हुए व्यक्तियों का डाटा है। इसलिए उन्होंने आमजन से भी अपील की कि कोविड वैक्सीन की दोनों डोज जरूर लगवाएं, और प्रमाण पत्र हमेशा अपने साथ रखें। उपायुक्त ने लघु सचिवालय के सभागार में कोविड वैक्सीन की समीक्षा को लेकर जिला स्तर के सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने डीआईओ को भी कहा कि सरल केंद्र और तहसील में जिन व्यक्तियों को कोविड की दोनों वैक्सीन नहीं लगी है उनका प्रवेश एक जनवरी से बंद कर दें।