स्कूल संचालक प एसडीओ से गाली गलौज, धमकाने का आरोप
स्कूल के मीटर का कनेक्शन काटने से खफा था स्कूल संचालक, मामले की ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल
क्रासर
बिजली कर्मचारियों ने अधिकारी के समर्थन में उतरने का लिया फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
पिहोवा। कुरुक्षेत्र रोड पर स्थित एक निजी स्कूल संचालक पर गाली गलौज करके धमकाने का आरोप लगाकर बिजली निगम के एसडीओ ने पुलिस को शिकायत दी है। इस मामले की एक ऑडियो की सोशल मीडिया पर वायरल हुई, जिसमें स्कूल संचालक गाली गलौच करने के साथ धमकी दे रहा है। वहीं एसडीओ ने स्कूल संचालक पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश तथा मारपीट की नीयत 15-20 लोगों के साथ कार्यालय पहुंचने का आरोप लगाया है। अब यह मामला तूल पकड़ने लगा है। मामले को लेकर कर्मचारियों ने भी अधिकारी के समर्थन में उतरने का ऐलान कर दिया है। वहीं पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। बिजली निगम ग्रामीण क्षेत्र के एसडीओ अनिल कल्याण ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा कि गांव मुर्तजापुर के निकट स्थित निजी स्कूल संचालक के नाम पर बिजली मीटर लगा हुआ है। इसका बिल बकाया था, जिसकी बिल भरने की आखिरी तारीख 25 अक्तूबर तय की गई थी, मगर उपभोक्ता ने मीटर खराब होने का बहाना बनाकर बिल नहीं भरा था। उसके बाद निगम ने मीटर की जांच कराई तो मीटर सही पाया गया तथा फोन पर स्कूल संचालक को बिल भरने के लिए संपर्क किया था। उसके बाद भी बिल नहीं भरा गया। लिहाजा विभाग ने कार्रवाई करते हुए 12 नवंबर को कनेक्शन काट दिया था। इसके बाद स्कूल संचालक तैश में आ गया और फोन पर कॉल करके गाली गलौज करते हुए धमकी दी। आरोप लगाया कि निजी स्कूल संचालक अपने 15-20 साथियों के साथ मारपीट करने की नीयत से कार्यालय पहुंचा था, मगर उन्हें वहां न पाकर कार्यालय का मेन गेट बंद होने पर गेट तोड़ने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। एसडीओ ने मामले की शिकायत पुलिस विभाग को देने के साथ बिजली निगम के अधिकारियों को भी भेजी है। उन्होंने शिकायत पत्र के साथ मामले की ऑडियो भी पेश की है।
पुलिस कर रही मामले जांच: जगबीर सिंह
मामले को लेकर सिटी थाना कार्यकारी प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि पुलिस को बिजली निगम के एसडीओ की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। रविवार को दूसरे पक्ष को पुलिस स्टेशन बुलाया गया है। मामले की जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।