राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग हरियाणा पंचकूला द्वारा 11 अक्तूबर को पहली कट ऑफ लिस्ट जारी की जाएगी। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कुरुक्षेत्र और पिहोवा में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों में कड़ी प्रतिस्पर्धा है। यहां ड्राफ्ट्समैन सिविल, ड्राफ्ट्समैन मैकेनिकल, सेविंग टेक्नोलॉजी (कटाई व सिलाई) व्यवसाय, एसओटी इम्ब्रायडरी (कढ़ाई) व्यवसाय, कोपा (कंप्यूटर) व्यवसाय, कोस्मेटोलॉजी (हेयर व स्किन केयर) पाठ्यक्रमों की 572 सीट पर पांच हजार और पिहोवा की राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के विभिन्न पाठ्यक्रमों की 356 पर 1676 आवेदन आए हैं। इनके अलावा राजकीय कन्या औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान उमरी में 204 सीटों पर 340, राजकीय कन्या औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शाहाबाद के दो पाठ्यक्रमों की 60 सीट पर मात्र 37 और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शाहाबाद की 20 सीट पर 65 आवेदन आए हैं। संभावना जताई जा रही है कि विभाग की ओर से पहली काउंसलिंग के बाद एक बार फिर पोर्टल ओपन किया जा सकता है।
शेड्यूल के अनुसार 12 से 14 अक्तूबर दस्तावेजों की जांच की जाएगी। पहली लिस्ट में चयनित विद्यार्थियों को 12 से 16 अक्तूबर तक ऑनलाइन फीस का भुगतान करने का मौका दिया गया है। 18 अक्तूबर को दूसरी मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। इसमें चयनित विद्यार्थी 26 अक्तूबर तक फीस का भुगतान कर सकता है। तीसरी मेरिट लिस्ट दो नवंबर को जारी की जाएगी और 8 नवंबर तक फीस भरने का मौका दिया गया है। इसके पश्चात 10 से 12 नवंबर तक पोर्टल को पुन: ओपन किया जाएगा। 15 नवंबर को चौथी मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। इसमें चयनित विद्यार्थी 20 नवंबर तक फीस का भुगतान करके दाखिला ले सकता है।