पत्नी और ससुराल पक्ष से तंग आए एक बैंक कर्मचारी ने ब्रह्मसरोवर में कूदकर आत्महत्या कर ली है। ब्रह्मसरोवर में एक व्यक्ति के छलांग लगाने की सूचना पर पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। शनाख्त न होने के कारण शव को एलएनजेपी के शवगृह भेज दिया गया। बाद में पुलिस ने युवक की जेब से बरामद फोन से सिम निकालकर चलाया तो उस पर आए कॉल से मामले की जानकारी परिजनों तक पहुंचाई।
मृतक की शनाख्त सेक्टर 13 निवासी मोहित शर्मा के रूप में हुई है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार जनों को सौंप दिया गया है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मृतक की पत्नी अंबाला निवासी रुचिका, उसके पिता और माता के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 व 34 के तहत केस दर्ज कर लिया है। सेक्टर 13 वासी रामपाल ने बताया कि उसके बेटे की शादी साल 2015 में अंबाला वासी रुचिका के साथ हुई थी। मोहित के एक हाथ में बचपन से ही समस्या थी। वह एक बैंक में कर्मचारी था। उसकी शादी के बाद से ही उसकी पत्नी रुचिका और उसके माता-पिता ने मोहित को परेशान करना शुरू कर दिया था। साल 2016 में उसके एक बेटा पैदा हुआ तो उसके बाद रुचिका का लड़ाई-झगड़ा बढ़ता चला गया और वह मोहित को छोड़कर अपने मायके चली गई।
मायके जाने के बाद भी वह उसके बेटे को परेशान करते रहे और बैंक में भी उससे झगड़ा करने पहुंचे। हर रोज के लड़ाई झगड़े से उसका बेटा परेशान रहने लगा और उसकी बैंक की नौकरी भी छूट गई थी। मोहित अपने बेटे से बहुत प्यार करता था और एक दिन अंबाला अपने बेटे से मिलने गया। उसकी पत्नी रुचिका और उसके माता-पिता ने मोहित को उसके बेटे से मिलने नहीं दिया। मंगलवार को वह दोपहर बाद घर से निकला था। इसके बाद देर सायं सूचना मिली की मोहित ने ब्रह्मसरोवर में छलांग लगा दी है। पुलिस ने शिकायत मिलने पर तीनों आरोपियों को नामजद करके जांच शुरू कर दी है।