संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। लाडवा-यमुनानगर मार्ग पर ढाबों से सस्ते दाम पर नशीला पदार्थ खरीद लाडवा में आपूर्ति करने के आरोप में सीआईए-1 ने एक व्यक्ति को काबू किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 किलो चूरापोस्त बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी प्रवीण उर्फ भूरा वासी विकास नगर लाडवा को अदालत में पेश करके दो दिन के रिमांड पर लिया है।
सीआईए-1 के प्रभारी मलकीत सिंह ने बताया कि 8 जनवरी उनकी टीम लाडवा में हिनौरीचौक के पास गश्त कर रही थी। तभी पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि प्रवीण उर्फ भूरा और अवतार उर्फ गग्गू वासी शिव मोहल्ला लाडवा मिलकर लाडवा-यमुनानगर मार्ग पर रादौर साइड में बने ढाबों से सस्ते दाम पर चूरा-पोस्त खरीद कर रात को अनाज मंडी लाडवा में ट्रक चालकों और नशेड़ियों को महंगे दाम पर बेचते हैं। आज रात भी आरोपी विकास नगर लाडवा से चूरापोस्त लेकर पैदल अनाज मंडी आने वाले हैं।
इस पर टीम ने एक्सटेंशन मंडी लाडवा के पास नाकाबंदी करके लाडवा के नायब तहसीलदार बलविंदर सिंह को मौके बुलाकर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखनी शुरू कर दी। कुछ देर बाद पुलिस टीम को एक व्यक्ति कट्टा लेकर पैदल आता हुआ दिखाई दिया। शक होने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। उसकी पहचान प्रवीण उर्फ भूरा के रूप में हुई। पुलिस ने नायब तहसीलदार के सामने जब उसके कब्जे से बरामद कट्टे की तलाशी ली तो उसके कट्टे से 10 किलो चूरापोस्त बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना लाडवा में नशीली वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके आरोपी प्रवीण को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके दो दिन के रिमांड पर लिया है।