करवाचौथ पर पति की राह देख रही पत्नी को अचानक से पति की मौत की खबर मिलने से उसकी सारी खुशियां मातम में बदल गई। परिजनों ने बताया कि गांव फालसंडा रांगडान वासी सतनाम पुत्र बलविंदर सिंह की पिपली-मथाना मार्ग पर गैरेज थी। रविवार रात साढ़े 10 बजे जब यहां से वापस अपने घर लौट रहा था, लेकिन जैसे ही वह लाडवा-बाबैन मार्ग पर पहुंचा तो पीछे से तेज रफ्तार कार ने ओवरटेक करते हुए सतनाम की कार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सतनाम की कार का नियंत्रण बिगड़ गया और उसकी कार पहले एक बेसहारा पशु से भिड़ी। फिर सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकटाई। इस दुर्घटना में सतनाम सिंह को गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सतनाम सिंह के चाचा गुरलाल सिंह की शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
सतनाम सिंह की वर्ष 2013 में नीलम के साथ शादी हुई थी। उसके बाद से नीलम के पास आठ साल का बेटा है। परिवार में सब ठीक चल रहा था। पति की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का व्रत रखा, लेकिन दीदार करने के वक्त मौत की सूचना मिली। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है। ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।