सब्जी विक्रेता ने निगली चूहे मारने की दवा, गई जान
करनाल। सब्जी मंडी में फड़ी लगाने वाले एक 21 साल के युवक ने चूहे मारने वाली दवा निगल ली। उसे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। परिजनों का कहना है कि युवक ने शराब पी थी। उसकी जेब में खांसी और चूहे मारने की दवा थी। उसने नशे की हालत में चूहे मारने की दवा निगल ली।
विवेचना अधिकारी सुखबीर सिंह ने बताया कि बिहार के समस्तीपुर जिले के गांव बामोरा निवासी अभिषेक 8 साल से परिवार के साथ सेक्टर-6 में रह रहा है। यहां वह चाचा के पास रहता है। वह सब्जी मंडी में फड़ी लगाते हैं। शनिवार को वह फड़ी लगाने गया था तो उसने शराब पी थी। तभी उसने खांसी की दवा ली थी और घर के लिए चूहे मारने की दवा भी खरीदी थी। नशे की हालत में वह खांसी की दवा के बजाए चूहे मारने की दवा खा गया। संवाद
स्कूल के चौकीदार ने फंदा लगा दी जान
नीलोखेड़ी। गांव बरानी खालसा में चौकीदार ने सरकारी स्कूल में ही फंदा लगाकर जान दे दी। बुटाना थाना प्रभारी कंवर सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गांव बरानी खालसा के सरकारी स्कूल में एक व्यक्ति का शव फंदे से लटका है। मौके पर विवेचना अधिकारी को भेजा गया। उसने वहां जांच की। मृतक का नाम विष्णु (52) था। परिजनों ने बताया कि वह काफी समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। शुक्रवार रात उसने स्कूल में फंदा लगा लिया। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने उसे फंदे पर लटका देखा। संवाद
नशे की ओवरडोज गोलियां खाने से हुई मौत
करनाल। उत्तर प्रदेश के गंगोह के गांव रादौर निवासी एक युवक की नशीली दवा का अधिक सेवन करने से मौत हो गई। उत्तर प्रदेश पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के ताऊ के बेटे अमित ने बताया कि उसका चचेरा भाई बबलू (38)नशीली दवाइयाें का सेवन करता था। 12 सितंबर को उसकी तबीयत खराब हो गई तो वह उसे गंगोह अस्पताल में ले गए वहां उसे रेफर कर दिया गया तो वह कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज लेकर आए। 15 सितंबर से उसका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। शनिवार को उसने दम तोड़ दिया। बबलू शादीशुदा था उसके दो बच्चे हैं। संवाद
गलती से निगल लिया जहरीला पदार्थ, मौत
घरौंडा। गांव खोरा खेड़ी में 18 वर्षीय युवक ने चार दिन पूर्व गलती से जहरीला पदार्थ निगल लिया। परिजन उपचार के लिए उसे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज लाए जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। खोरा खेड़ी निवासी नवभारत ने 16 सितंबर को गलती से जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उसे उपचार के लिए करनाल लाए जहां युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि गांव खोरा खेड़ी में एक युवक ने गलती से जहरीला पदार्थ निगल लिया था। जिसकी रविवार को मौत हो गई है। संवाद