उधार दी गई कोल्डड्रिंक के पैसे मांगने पर चाय विक्रेता हितेश के पेट में कैंची घोंपने वाले दर्जी के खिलाफ तुरंत रिपोर्ट दर्ज न करने के आरोप में एसपी लोकेंद्र सिंह ने सिटी थाने के दरोगा शमशेर सिंह और हेडकांस्टेबल देवेंद्र सिंह को लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया है।
मामला शहर की दयानंद मार्केट का है। शनिवार को यहां चाय बेचने वाले हितेश से पास ही दर्जी का काम करने वाला राजू उर्फ कालिया उधार कोल्डड्रिंक ले गया था। शाम को जब हितेश उससे पैसे मांगने पहुंचा तो राजू ने झगड़ा करते हुए उसके पेट में कैंची मार दी थी। सिटी थाना पुलिस ने तुरंत रिपोर्ट दर्ज करने की बजाए मामले में समझौता कराने की कोशिश की। मंगलवार को हितेश की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास और हत्या का मामला दर्ज किया। एसपी ने इस संगीन मामले में कार्रवाई करने में लापरवाही पाए जाने पर थाने के सब इंस्पेक्टर शमशेर सिंह और हेडकांस्टेबल देवेंद्र सिंह को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
महिला की शिकायत पर तुरंत केस दर्ज करने की बजाए 10 लाख रुपये में समझौता करवाने के आरोपी एएसआई राजकुमार और एएसआई सुदेश रानी सहित एचसी दलबीर के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। वहीं हितेश की मौत के मामले में भी जिस दिन की घटना है, उसी दिन दी गई शिकायत पर कार्रवाई की बजाए समझौते का प्रयास करने पर एसआई शमशेर सिंह और एचसी देवेंद्र को भी निलंबित किया गया है।
-लोकेंद्र सिंह, एसपी कैथल।