करनाल। एथलीट नीरज चोपड़ा ने ओलंपिक में भाला फेंक प्रतिस्पर्धा के दौरान स्वर्ण पदक का क्या जीता, उसका स्वर्णिम असर एथलेटिक्स गेम्स में शिरकत करने वाले खिलाड़ी पर दिखने लगा है। एथलीट गेम्स में खिलाड़ियों की संख्या बढ़ने लगी है।
प्रस्तावित ‘खेलो हरियाणा’ (राज्यस्तरीय खेल मुकाबले) से पूर्व होने वाले जिलावार ट्रायल के दौरान सबसे ज्यादा खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स कीविभिन्न खेल विधाओं में हिस्सा लिया। करनाल में कुल 525 (375 पुरुष व 150 महिला) खिलाड़ियों ने दस खेल विधाओं में ट्रायल दिया। जबकि पूरे प्रदेश ऐसे खिलाड़ियों की संख्या 1540 रहीं, जिनका खेलो हरियाणा के लिए चयन किया गया। एथलेटिक्स कोच सतीश कुमार ने कहा कि जब अभिनव बिंद्रा ने शूटिंग में स्वर्ण पदक जीता था, उस वक्त भी ऐसा क्रेज देखा गया था। आज भी नीरज चोपड़ा के स्वर्ण पदक जीतने के बाद खिलाड़ियों में एथलेटिक्स के प्रति रुझान बढ़ रहा है।
हरियाणा में ‘खेलो हरियाणा’ के तहत 27 से 29 अगस्त तक छह जिलों करनाल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, अंबाला, यमुनानगर व कुरुक्षेत्र में 20 खेल प्रतिस्पर्धाएं होनी है। इसी राज्यस्तरीय खेल मुकाबलों में भाग लेने के लिए सभी जिलों में दो दिवसीय ट्रायल चल रहे थे। इस ट्रायल के दौरान प्रदेश भर से 9680 खिलाड़ी 20 खेल प्रतिस्पर्धाओं में अपना दमखम दिखाएंगे। इसमें भी सबसे ज्यादा संख्या (1540) एथलेटिक्स के विभिन्न खेल विधाओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की है। जेवलिन थ्रो के कोच मंयक ने बताया कि एथलेटिक्स को लेकर क्रेज बढ़ रहा है और हमारे खिलाड़ी भी न केवल ओलंपिक बल्कि अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। इन खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलती रहें, तो निसंदेह इस खेल इंवेट में अंतरराष्ट्रीय और ओलंपिक स्तर पर कई मेडल और जीतने की संभावनाएं बनेंगी।
जिले में सबसे ज्यादा एथलेटिक्स में दिया ट्रायल
खेल पुरूष वर्ग महिला वर्ग
एथलेटिक्स 375 150
बॉक्सिंग 60 17
बैडमिंटन 36 14
बास्केटबाल 50 30
टेनिस 12 04
साइकिलिंग 60 40
वॉलीबाल 85 38
फुटबाल 60 30
जूडो 15 30
भारोत्तोलन 13 07
कबड्डी 168 40
कुश्ती 65 35
तीरंदाजी 04 01
हैंडबाल 40 60
खो-खो 45 15
निशानेबाजी 44 16
हॉकी 70 40