- सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में हाईवे के हादसों पर हुआ विश्लेषण, एनएच-44 पर हादसे घटे, 709ए पर बढ़े, तेज रफ्तार बना वजह
- 34 एजेंडों पर हुई चर्चा, महज 11 पर निपटा काम, अन्यों पर तेजी लाने के अधिकारियों को उपायुक्त ने दिए निर्देश
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नेशनल हाईवे-44 पर सड़क हादसे पहले के मुकाबले कुछ कम जरूर हुए हैं। पर कुछ जगह ऐसी हैं, जहां सबसे ज्यादा हादसे हो रहे हैं और यहां प्रशासन भी हादसों में कमी नहीं ला पा रहा है। नेशनल हाईवे पर सेक्टर-4 का क्षेत्र और सदर थाना क्षेत्र में आने वाले मयूर ढाबा के पास का क्षेत्र रेड जोन घोषित हो चुका है। रिपोर्ट के अनुसार यहां पर काफी ज्यादा हादसे हो रहे हैं।
वीरवार को लघु सचिवालय में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जहां नेशनल हाईवे, सड़कों और अन्य खामियों पर चर्चा हुई। वहीं हाईवे के सड़क हादसों पर विश्लेषण भी किया गया। आईआरएडी की रिपोर्ट में नेशनल हाईवे-44 पर हादसे पहले से कुछ घटे हैं, जबकि नेशनल हाईवे-709ए पर हादसे पहले से बढ़े हैं। आईआरएडी की प्रोजेक्ट मैनेजर स्वाति गुप्ता का कहना है कि सड़क हादसे बढ़ने के पीछे तेज रफ्तार बड़ी वजह है। वर्ष 2022 की तुलना में वर्ष 2023 में फेटल यानी प्राणघाती दुर्घटनाओं में कुछ कमी आई है।
बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त अनीश यादव ने की। उन्होंने रिपोर्ट पर गंभीरता दिखाते हुए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई कि वे इन क्षेत्रों की विजिट करें और कारणों का पता लगाकर दुर्घटनाओं को रोकने के उपाय करें। साथ ही तेज रफ्तार की चालानिंग बढ़ाने के भी निर्देश दिए। उपायुक्त ने सड़क के गड्ढे भरने के साथ-साथ जेबरा क्रॉसिंग और सर्विस रोड पर रंबल स्ट्रिप लगाने के निर्देश दिए। कुल 34 एजेंडों पर रिपोर्ट आरटीए सचिव विजय देसवाल ने प्रस्तुत की। इनमें से 11 पर ही कार्य पूरा हुआ जबकि अन्य सभी को पेंडिंग रखा गया। बैठक में एसडीएम असंध मनदीप कुमार, एसडीएम घरौंडा अदिति, नगराधीश अमन कुमार मौजूद रहे। ब्यूरो
बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए चलेगा अभियान
बैठक में नेशनल हाईवे पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से काफी देर तक चर्चा की। हाईवे पर बेसहारा पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं के मुद्दे पर उपायुक्त ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र के अंतर्गत आवारा पशुओं को पकड़वाकर नजदीक की गौशाला में भिजवाना सुनिश्चित करें। एनएच के दोनों तरफ जितने भी गांव पड़ते हैं, वहां के लोगों से बैठक कर उन्हें सड़कों पर पशु न छोड़ने के लिए जागरूक किया जाएगा।
मुगल कैनाल की मरम्मत के लिए तीन करोड़ का एस्टीमेट बना
बैठक में मुगल कैनाल की सड़क का मुद्दा फिर उठा। नगर निगम की कार्यकारी अभियंता प्रियंका सैनी ने बताया कि इसके लिए तीन करोड़ रुपये का एस्टीमेट बनाया है। आरटीए सचिव ने बताया कि अप्रैल 2023 में पुलिस ने 10143 चालान करके 25.35 लाख और आरटीए टीम ने 682 ओवरलोड वाहनों के चालान करके 1.48 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला।
ये लिए निर्णय
- हाईवे की स्ट्रीट लाइटों की क्षमता 180 से बढ़ाकर 360 वाट की जाएगी। ताकि रात्रि में हाईवे पूर्ण प्रकाशमय रहे।
- सूरज नगर की सड़क के बीच में लगे बिजली के खंभे को बिजली निगम हटवाएगा। इसके लिए संबंधित विभाग को पैसा जमा कराना होगा।
- नमस्ते चौक, कुटेल से पीपल खेड़ा वाली और इंद्री रोड से गांव कैलाश-टीकरी व कर्ण लेक को जाने वाली सड़क की मरम्मत होगी।
- सिग्नेचर ग्लोबल से रांवर रोड तक की सड़क सरकारी नहीं है, इसलिए कंपनी मरम्मत कराएगी।
- नेशनल हाईवे पर हवेली के पास और घरौंडा में सीएनजी फिलिंग स्टेशन के पास के अवैध कट को बंद किया जाएगा।
- बरसाती मौसम से पहले खुले सीवरेज होल पर ढक्कन लगाए जाएंगे।
गैर सरकारी सदस्यों ने ये दिए सुझाव
- शहर में 27 स्थानों लगी सभी ट्रैफिक लाइट का संचालन हो। चौराहों पर जेब्रा क्रॉसिंग की मार्किंग कराई जाए।
- फुटपाथों से अतिक्रमण हटाया जाए।
- अवैध ई-रिक्शा पर लगाम लगे, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित न हो।