- किराये का मकान लेने के बहाने प्रॉपर्टी डीलर को बुलाया था
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। दुष्कर्म का झूठा आरोप लगाकर रकम ऐंठने वाली दो महिलाओं को पुलिस ने धर दबोचा। महिलाओं ने पानीपत में किराए का मकान दिलाने के लिए एक प्रॉपर्टी डीलर को बुलाया था, जिसके बाद उस पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए महिला थाने में शिकायत दी थी। पुलिस ने जांच में पाया कि दोनों महिलाएं झूठा आरोप लगाकर रकम ऐंठना चाहती थीं।
पुलिस ने झूठा आरोप लगाने वाली करनाल निवासी साहिल उर्फ ज्योति उर्फ अंजलि और सुदेश को गिरफ्तार किया है। इन दोनों ने पानीपत में किराए का मकान लेने के लिए एक प्रॉपर्टी डीलर को कॉल कर 16 मई को संपर्क किया था। साहिल उर्फ ज्योति उर्फ अंजलि ने महिला थाने में 17 मई को शिकायत दर्ज कराई कि प्राॅपर्टी डीलर उसे बाइक पर बैठाकर मकान दिखाने ले गया था। इस दौरान कोल्ड डि्रंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर दिया और मकान में दुष्कर्म किया।
महिला थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो पाया कि शिकायतकर्ता बार-बार अपना नाम बदलती रही। आरोप के मुताबिक वारदात की जगह पर जाने से भी इंकार कर दिया। जांच के दौरान कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। जांच में पता चला कि साहिल उर्फ ज्योति उर्फ अंजलि ने रकम ऐंठने के लिए झूठी शिकायत दी थी। इसमें उसकी दोस्त सुदेश भी शामिल थी। जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।