माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। करनाल-मेरठ रोड के चौड़ीकरण का कार्य कई जगहों पर अड़चनों के कारण अटका है। कहीं बिजली के खंभे हटने का पेंच फंस रहा है तो कहीं अन्य कारण हैं। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जब इस प्रोजेक्ट का एजेंडा सामने आया तो डीसी निशांत कुमार यादव ने नेशनल हाईवे जींद के एक्सईएन अनिल रोहिल्ला से स्थिति की रिपोर्ट ली। एक्सईएन ने बताया कि बिजली के खंभे न हटने से 600 मीटर की सड़क का काम अधूरा है। इस अड़चन को दो माह से अधिकारी छिपाए हैं।
अधिकारी के इस जवाब पर डीसी ने सख्त लहजे में कहा कि आपके अटके काम से लोग दुखी हैं, यदि मैंने उन्हें आपके कार्यालय का पता बता दिया तो वे घेराव कर लेंगे। डीसी ने कहा कि रोजाना किसी न किसी गांव के लोग हाईवे की समस्या लेकर उनके पास आते हैं। अधिकारियों की लापरवाही का उन्हें जवाब देना भी मुश्किल हो जाता है।
आप उनका दुख क्यों नहीं समझ रहे। उन्होंने अगली बैठक से पहले समस्या के समाधान के निर्देश दिए। लघु सचिवालय में डीसी की अध्यक्षता में हुई बैठक में 32 एजेंडा बिंदु पर चर्चा हुई। इनमें से छह को अगली बैठक तक पूरे करने के निर्देश दिए गए। शेष सभी पर काम पूरा होने पर मौके पर ही निपटान किया गया। बैठक में एसपी गंगा राम पूनिया और सभी एसडीएम मौजूद रहे।
अवैध पार्क किए वाहनों को उठाएगी टो वैन, लगेगा जुर्माना
बैठक में अवैध पार्किंग का मुद्दा आते ही डीसी ने कहा कि स्मार्ट सिटी के तहत दो टो वैन का इंतजाम कर लिया है। अब सड़क पर नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वालों पर कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि आंबेडकर चौक से एनडीआरआई तक, सेक्टर-12 जाट धर्मशाला से कुंजपुरा रोड टी-प्वाइंट और कुंजपुरा रोड मार्केट के अतिरिक्त कर्ण गेट क्षेत्र में वैन कार्रवाई करेगी। जुर्माने के 800 रुपये वसूले जाएंगे।
एनएच के गड्ढे और खुले नाले एक सप्ताह में ढकेंगे
बैठक में नेशनल हाईवे-44 की खामियों का एजेंडा आते ही डीसी ने एनएच प्रतिनिधि भानू प्रताप पर सवालों की झड़ी लगा दी। उन्होंने कहा कि हाईवे के हालात सुधार के लिए कई बार चर्चा हो चुकी है। अब सिर्फ काम चाहिए। दीवारों के साथ खड़ी घास और गंदगी, नाले के टूटे ढक्कन व फ्लाईओवर और मोड़ पर उखड़ी सड़कों को दुरुस्त करने को लेकर जवाब मांगा। इस पर प्रतिनिधि ने तीनों कार्य एक सप्ताह में पूरे करने का आश्वासन दिया।
बैठक में ये निर्णय भी लिए
- मुगल कैनाल सड़क पर बरसाती पानी की निकासी के लिए खोल बनाए जाएंगे ताकि पानी सड़क के नीचे स्थित नाले में चला जाए।
- नेशनल हाईवे पर निर्मल कुटिया चौक और सेक्टर-6 चौक पर कट मिलेगा, इसकी एनएचएआई ने स्वीकृति दे दी है।
- घरौंडा नगर पालिका नेशनल हाईवे-44 के चौराहों पर ट्रैफिक लाइटें लगवाएगी।
- सड़क किनारे जहां गंदगी ज्यादा रहती है, वहां नगर निगम सफाई कराकर पेंटिंग कराएगा।