यमुनानगर। बिजली निगम की टीमों ने सोमवार को बिजली चोरों के खिलाफ कार्रवाई की। निगम की 27 टीमों ने देर शाम तक 79 जगहों से बिजली चोरी पकड़ी। इस दौरान बिजली चोरी करने वालों पर 15 लाख रुपये जुर्माना भी लगाया।
बिजली की सबसे ज्यादा चोरी यमुनानगर डिवीजन में पकड़ी गई । यहां 37 लोग बिजली चोरी करते हुए पकड़े गए। इन पर 7.60 लाख का जुर्माना भी लगाया गया। इसी तरह जगाधरी डिवीजन में बिजली चोरी के 14 केस पकड़े गए। बिजली चोरी करने वालों पर 4.35 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। बिलासपुर डिवीजन में 14 बिजली चोरों पर 3.63 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया। बिजली निगम के एसई राजिंद्र कुमार ने बताया इसके अंतर्गत 70 बिजली चोरों पर कुल 15 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है। बिजली चोरी करने वालों पर निगम की कार्रवाई आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी।
रादौर में छह जगह पकड़ी चोरी
रादौर।अभियान के तहत निगम की दो टीमों ने सोमवार सुबह रादौर में चार लोगों को बिजली चोरी करते पड़ा। इसके अलावा गांव घिलौर व हड़तान में दो लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ा। एसडीओ रादौर की देखरेख में चलाए गए अभियान में बिजली चोरी करते पकड़े गए लोगों पर करीब तीन लाख रुपये का जुर्माना किया। एसडीओ पंकज देसवाल ने बताया कि बिजली चोरी पकड़ने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। इस दौरान जेई सतपाल सिंह, जेई अशोक कुमार, जेई सुरेंद्र शर्मा, जेई शमशेर सिंह, प्रवेश कुमार, नवीन कांबोज सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।