करनाल। जिला नगर योजनाकार विभाग (डीटीपी) की ओर से अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई जारी है। अभियान के तहत बुधवार को तीन अवैध कॉलोनियों में पीला पंजा चला। दलबल के साथ पहुंची टीम ने टीकरी कैलाश गांव के नजदीक की इन कॉलोनियों में अवैध निर्माण ढहाए। कुल सात एकड़ जमीन पर तीन दुकानों, मशरूम यूनिट आदि ध्वस्त किए गए।
विभाग का दावा है कि अवैध कॉलोनियों में हुए निर्माण को लेकर संबंधित लोगों को नोटिस करके सूचित किया जाता है। इसके बाद भी निर्माण न हटाने वालों पर कार्रवाई होती है। दूसरी ओर लोगों का आरोप है कि विभाग ने बिना किसी पूर्व सूचना के ही उनके निर्माण पर तोड़फोड़ की है। इससे उनका लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। बुधवार को हुई कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार की अगुवाई में हुई।
डीटीपी विक्रम ने बताया कि अभियान के दौरान एक चहारदीवारी, एक निर्माणाधीन मकान, एक गोदाम, तीन दुकानें, बिजली के खंभे और सभी डीपीसी व सड़कों को ध्वस्त किया गया। लोगों ने बताया कि जिस गोदाम पर कार्रवाई हुई है, वहां मशरूम यूनिट चल रही थी। आरोप लगाया कि टीम ने गुपचुप तरीके से पहुंचकर कार्रवाई की है।