करनाल। गांव उमरपुर की रहने वाली मुस्कान संधू ने प्रसिद्ध टीवी कार्यक्रम ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में पहुंचकर जिले का नाम रोशन किया है। बेटी न केवल हॉट सीट तक पहुंची, बल्कि सवालों का स्टीक जवाब देते हुए 12.5 लाख रुपये भी जीते। मुस्कान ने बताया कि इन रुपयों को वह अपने पिता को तिरुपति की यात्रा कराने और सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी में इस्तेमाल करेगी। मुस्कान ने बताया कि वह पहले ही प्रयास में केबीसी की हॉट सीट पर पहुंची है, जबकि उनके शिक्षक पिता वेदपाल कई बार प्रयास कर चुके हैं।
मुस्कान संधू ने बताया कि वह बेसहारा पशुओं के लिए भी काम करना चाहती है। इसके लिए वह एनीमल एनजीओ को भी अपनी राशि का कुछ हिस्सा दान करेगी। उनके पिता का सपना है तिरुपति की यात्रा का, इसलिए वे पहले पिता के सपने को पूरा करेगी और बाद में खुद आईपीएस अफसर बनने का प्रयास करेगी।
मुस्कान ने बताया कि उन्होंने स्कूली शिक्षा गांव के शहीद ऊधम सिंह स्कूल से प्राप्त की। जबकि बीएससी केवीए डीएवी महिला कॉलेज से की है। प्रिंसिपल संतोष बिसला ने उसकी इस उपलब्धि पर बधाई दी है। मुस्कान ने कहा कि हमेशा अपने मोबाइल फोन का सदुपयोग ही करना चाहिए। वह ज्ञान अर्जन करने में ही मोबाइल का इस्तेमाल करती थी। मनोरंजन के लिए भी थोड़ा समय निकालती थी।