करनाल के घरौंडा कस्बे के मलिकपुर गांव में ईंटों से हमला कर युवक की हत्या कर दी गई। इस ब्लाइंड मर्डर को सुलझाने के लिए पुलिस टीम लग गई है, लेकिन पुलिस के लिए यह चुनौती से कम नहीं है। क्योंकि परिजनों ने न किसी पर शक जताया है और न ही किसी से रंजिश बता रहे हैं। सोमवार देर रात पुलिस ने निर्माणाधीन कम्यूनिटी हॉल की बिल्डिंग में युवक का शव बरामद किया गया। अर्धनग्न हालत में लहूलुहान मिले शव की पहचान शेखपुरा खालसा निवासी अमित के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
मालिकपुर गांव में शव पड़े होने की सूचना से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तुरंत वारदात की सूचना पुलिस को दी। डीएसपी राजकुमार की टीम, सीआईए वन व थाना प्रभारी मनोज कुमार दलबल के साथ गांव में पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने शव और घटनास्थल की बारीकी से छानबीन की। शेखपुरा खालसा व मलिकपुर गांव में मात्र पांच सौ मीटर का फासला है, ऐसे में हत्या की इस वारदात से दोनों गांवों में दहशत है।
हत्यारों ने ईंटों से चेहरे और सिर को कुचला
20 वर्षीय अमित की हत्यारों ने बड़ी ही बेरहमी से हत्या की है। हत्यारों ने ईंटों से प्रहार कर अमित के सिर व मुंह को बुरी तरह कुचल रखा है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक जांच टीम ने घटनास्थल से खून से लथपथ आधा दर्जन के करीब ईंटों को कब्जे में लिया है। मृतक के परिजनों के मुताबिक अमित सोमवार देर शाम अपने दोस्तों के साथ मलिकपुर गांव की तरफ गया था और रात के समय उन्हें अमित की मौत होने की सूचना मिली। हालांकि अमित के परिजनों ने किसी तरह की पुरानी रंजिश होने से इंकार किया है।
वर्जन
निर्माणाधीन बिल्डिंग में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। हत्या का केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। प्रथम दृष्टि लगता है कि ईंटों से वार कर युवक की हत्या की गई है।
- राजकुमार, डीएसपी, करनाल।