करनाल जिले के इंद्री के गांव रिंडल के एक युवक पर कुछ युवकों ने चाकुओं से हमला कर दिया। इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए करनाल के कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद युवक को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पीजीआई में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।
इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर परिजनों एवं ग्रामीणों ने नेवल गांव के पास करनाल-इंद्री रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। इससे सड़क पर वाहनों की कतारें लग गई। जाम 5:50 से 6:50 बजे तक लगा रहा। बाद में पुलिस अधीक्षक पंकज नैन ने ग्रामीणों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। कुंजपुरा पुलिस ने आरोपी जोनी सहित उसके साथियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
शव रखकर जाम लगा रहे पीड़ितों ने बताया कि रिंडल निवासी अमित (32) करनाल में नाई का काम करता था। वह बुधवार देर शाम जब करनाल से अपने गांव जा रहा था तो बड़ागांव के पास उस पर कुछ युवकों ने चाकुओं से हमला कर दिया। इससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गया। हमलावर मौके से फरार हो गए। आनन फानन में उसे करनाल ट्रामा सेंटर में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी हालत को गंभीर होते देख डाक्टरों ने उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया।
पीजीआई में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। गुस्साए परिजनों ने पीजीआई से आते हुए ही नेवल गांव के समीप जाम लगा दिया। पुलिस ने पीड़ितों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन पीड़ित एक ही मांग पर अड़े रहे कि आरोपियों की गिरफ्तारी चाहिए। जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे वह शव को सड़क से नहीं उठाएंगे। मामला बढ़ने पर एसपी पंकज नैन मौके पर पहुंचे और पीड़ितों को हर तरह से कानूनी कार्रवाई करने का भरोसा दिया। इसके बाद पीड़ित शांत हुए और जाम खोल दिया।
वर्जन
बुधवार रात नौ बजे रिंडल निवासी अमित पर बड़ा गांव के पास कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। इसमें पुलिस ने आरोपी जोनी व उसके साथियों पर हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- मनोज कुमार, कुंजपुरा थाना प्रभारी।