क्षेत्र के ईसपुर में राशन लेने आए एक युवक पर दो युवकों ने पत्थरों से हमला कर उसे बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। घायल युवक को नाजुक हालत में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने सूचना मिलते ही मामले की छानबीन शुरू कर दी है। खूनी वारदात के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। हमलावर पंडोगा गांव के बताए जा रहे हैं, जो मौके से फरार चल रहे हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ईसपुर निवासी अजमेेर सिंह वीरवार दोपहर डिपो में राशन लेने आया हुआ था। इसी दौरान दो युवकों ने पुरानी रंजिश को लेकर उसके साथ बहसबाजी करनी शुरू कर दी। देखते ही देखते युवकों ने अजमेर पर लात-घूसों से हमला बोल दिया।
इसी दौरान तैश में आकर एक युवक ने पत्थरों से हमला कर अजमेर का सिर फोड़ कर उसे लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद मौके पर आसपास के दुकानदारों की भारी भीड़ जुट गई, लेकिन हमलावर दोनों युवक मौके से फरार हो गए। इसके बाद घायल को ईसपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।