अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। इंद्रा कॉलोनी में कुछ दिन पहले हुई चोरी के मामले में एक व्यक्ति को पंचायत में गवाही देने पर अपनी जान गंवानी पड़ी। आरोपियों ने इंद्रा कॉलोनी वासी राकेश और उसके घर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और उसकी पीट-पीट कर हत्या कर दी और उसके साले को गंभीर रूप से घायल कर दिया है। पुलिस ने एक महिला सहित सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में महिला सहित पांच को गिरफ्तार कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि अन्य आरोपियों के बारे में पता लगाया जा सके।
मरने से पहले घायल अवस्था में इंद्रा कॉलोनी निवासी राकेश ने पुलिस को अपने बयान दर्ज कराए थे। अपने बयान में राकेश ने बताया कि वह 29 जुलाई रात को वह जुंडला गेट से अपने घर जा रहा था रास्ते में रोहित, ओमप्रकाश व इसका दोस्त सावन खड़े थे। कुछ दिन पहले कॉलोनी में हुई चोरी में उसने रोहित के खिलाफ पंचायत में गवाही दी थी और इस मामले में उनका समझौता भी हो गया था। इसी बात की रंजिश रखते हुए रोहित व उसके दोस्त सावन उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। वह भागता हुआ घर चला गया जो रोहित के घर के सामने पड़ता है। रोहित अपने दोस्तों के साथ वहां पहुंचा और उस पर लोहे के सरिया व डंडों से दोबारा हमला कर दिया। इस दौरान उन्होंने के घर वालों के साथ भी मारपीट की। घर वालों ने घर का दरवाजा लगा लिया तो वे लोहे के सरिए से दरवाजा तोड़ने लगे। इस दौरान उसका साला अरविंद्र वहां पहुंचा तो उन्होंने उसके ऊपर भी सरिए से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
राकेश व अरविंद्र को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया तो इलाज के दौरान राकेश ने दम तोड़ दिया। अरविंद्र की हालत अभी ठीक है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी रोहित, ओमप्रकाश, सावन, शिला सहित पांच के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सिटी थाना प्रभारी मोहन लाल का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी शुरू कर दी है।