संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। कस्बे में सफीदों रोड पर पांच करोड़ रुपये की लागत से बने रोडवेज का सब डिपो दो साल में भी बसों का संचालन शुरू नहीं करा सका है। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने 22 अगस्त 2019 को इसका ऑनलाइन उद्घाटन किया था। परिवहन विभाग में बसों की कमी और तकनीकी कर्मचारियों की कमी इसकी वजह बताई जा रही है। जनता को उम्मीद थी कि सब डिपो बनने के बाद परिवहन सेवाएं बढ़ेंगी। सब डिपो पर केवल अड्डा इंचार्ज को बैठाया गया है। अन्य कोई अधिकारी इसकी सुध लेने नहीं आता। वहीं करनाल डिपो में 15 तकनीकी कर्मचारियों के भरोसे 137 बसों की मरम्मत का कार्य है। इस वजह से भी असंध में तकनीकी कर्मचारी भेजने में देरी हो रही है।
क्या-क्या सुविधाएं हैं
असंध सब डिपो में भूतल पर कर्मशाला, बस अड्डा, डीजल पंप, ऑटोमेटिक वॉशिंग प्लेटफॉर्म व यार्ड मास्टर कक्ष का निर्माण किया गया है। प्रथम तल पर कार्यालयी कामकाज के कक्ष तथा कर्मशाला में अधिकारियों के कार्यालय होंगे। वर्कशॉप व डीजल पंप तैयार हैं।
तो रात्रि में भी मिलेंगी सुविधाएं
रोडवेज का सब डिपो बनने के बाद बसों का संचालन असंध से हो सकेगा। यहां देर रात्रि और सुबह जल्द लंबी दूरी की बस मिल सकेंगी। यात्रियों को विश्राम करने की सुविधा मिलेगी। खराब बस को ठीक करवाने करनाल नहीं ले जाना पड़ेगा।
परिवहन बेड़े में बसों की कमी है। विभाग के पास मैकेनिक भी कम हैं। इसलिए असंध में अब तक सब डिपो चालू नहीं हो पाया है। बसें और मैकेनिक मिलने के बाद असंध का सब डिपो चालू किया जाएगा।
- कुलदीप, डिपो महाप्रबंधक, करनाल