सेक्टर-33 क्षेत्र में एक निर्माणाधीन भवन में चौकीदार का खून से लथपथ शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शवगृह में रखवा दिया है, जहां शुक्रवार को उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा। वीरवार देर शाम पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। चौकीदार की मौत से परिवार में मातम का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, करीब 60 वर्षीय जयसिंह वासी फूसगढ़ सेक्टर 33 की छह मंजिला निर्माणाधीन भवन पर चौकीदार के तौर पर करीब सात माह से काम कर रहा था। वह रात को ड्यूटी करता था और सुबह होते ही घर वापस चला जाता था। बुधवार रात को भी वह अपनी ड्यूटी पर पहुंचा था और अपने साथ घर से खाना भी लाया था। सुबह देर तक भी वह जब घर नहीं लौटा तो उसका बेटा मनजीत सिंह अपनी मां के साथ निर्माणाधीन भवन पर पहुंचा। यहां चौकीदार पिता का शव देखकर वे सन्न रह गए। वहीं सूचना मिलने पर आसपास के लोग भी जुट गए और वारदात को देख सभी हैरान रह गए। सूचना मिलते ही सेक्टर 32-33 थाना प्रभारी गुरविंद्र सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया और साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने पर ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है, हर पहलू पर जांच की जाएगी।
पहले भी हो चुके चोरी के प्रयास
भवन निर्माणाधीन होने के चलते यहां सरिया व अन्य सामान भी पड़ा है। ऐसे में यहां चोरी की नीयत से कुछ लोग आते रहते हैं। पहले भी यहां चोरी का प्रयास हो चुके हैं। मृतक के बेटे मनजीत ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि चोरी की नीयत से आए लोगों का जयसिंह द्वारा विरोध करने पर किसी ने हमला कर उसकी हत्या कर दी। जब वे मौके पर पहुंचे थे तो उनके पिता का टिफिन और अन्य सामान भी इधर उधर बिखरा था।