नेशनल हाईवे-44 की सर्विस लेन पर आगे चल रहे ट्रक में अचानक ब्रेक लगने से पीछे आ रही टाटा ऐस टकरा गई। टक्कर लगने से टाटा ऐस के चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल के कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
घटनाक्रम के अनुसार दिल्ली के सदर बाजार का रहने वाला रवि कुमार पांडे-34 अपने साथी नीरज वर्मा के साथ वीरवार को करनाल से दिल्ली की तरफ जा रहा था। टाटा ऐस को रवि चला रहा था। बसताड़ा ओवरब्रिज क्रॉस करने के बाद जैसे ही वे घरौंडा एंट्री प्वाइंट सर्विस रोड पर पहुंचे तो आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे टाटा ऐस के चालक का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी ट्रक से जा टकराई। हादसे में चालक रवि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिचालक नीरज गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि हादसे के बाद मृतक चालक का शव गाड़ी में ही फंस गया था, जिसे सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने खिड़की काटकर बाहर निकाला।